Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsPM Modi Uzbekistan Visit: ताशकंद रवाना हुए पीएम मोदी, व्यापार-रक्षा समेत कई...

PM Modi Uzbekistan Visit: ताशकंद रवाना हुए पीएम मोदी, व्यापार-रक्षा समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद के लिए रवाना हो गए। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। पीएम मोदी ताशकंद में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

प्रधानमंत्री का उज्बेकिस्तान दौरा दो दिवसीय है। इसके बाद 31 अगस्त को वह किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे, जहां वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

व्यापार, निवेश और रक्षा पर होगी चर्चा

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की बातचीत में व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल होंगे।

दोनों नेता द्विपक्षीय सहयोग की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के साथ भविष्य के लिए प्राथमिकताएं भी तय करेंगे। बातचीत में ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

पीएम मोदी के ताशकंद में शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित महात्मा गांधी सेंटर जाने का भी कार्यक्रम है।

उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा

विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज के अनुसार, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है। पीएम मोदी इससे पहले 2015 में द्विपक्षीय और मध्य एशिया यात्रा के दौरान उज्बेकिस्तान गए थे। इसके बाद उन्होंने 2016 और 2022 में SCO समिट में हिस्सा लेने के लिए उज्बेकिस्तान का दौरा किया था।

भारत-उज्बेकिस्तान व्यापार में बड़ी बढ़ोतरी

उज्बेकिस्तान में भारत की राजदूत स्मिता पंत ने कहा कि पीएम मोदी की यात्रा का एजेंडा काफी व्यापक है। उनके मुताबिक 2015 में पीएम मोदी की पिछली द्विपक्षीय यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश समेत कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच व्यापार में करीब 300 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि उज्बेकिस्तान में भारतीय निवेश 700 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है।

दोनों देशों के बीच संस्कृति, फार्मास्युटिकल, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, कृषि और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। यात्रा के दौरान कई एमओयू पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

अहम खनिज और सप्लाई चेन पर भी नजर

भारत और उज्बेकिस्तान के बीच महत्वपूर्ण खनिजों को लेकर सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो सकती है। उज्बेकिस्तान प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध देश है, जबकि भारत को कई अहम खनिजों की जरूरत है।

दोनों पक्ष लंबी अवधि की सप्लाई व्यवस्था और व्यापार बढ़ाने के विकल्पों पर विचार कर सकते हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी एक बड़ी चुनौती रही है। इसलिए व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए परिवहन और संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी बातचीत होने की संभावना है।

पीएम मोदी और मिर्जियोयेव की पिछली मुलाकात कब हुई?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव की मुलाकात पिछले कुछ वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुई है। दोनों नेता 2023 में दुबई में COP28 और 2024 में कजान में BRICS समिट के दौरान मिले थे। इसके बाद 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO समिट के दौरान भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।

31 अगस्त को SCO समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी

उज्बेकिस्तान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अगस्त को किर्गिस्तान के बिश्केक पहुंचेंगे। यहां वह SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस वर्ष SCO अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है।

इस बार समिट की थीम है—‘SCO के 25 साल: टिकाऊ शांति, विकास और समृद्धि की ओर साथ-साथ’।

बिश्केक में 31 अगस्त को स्वागत रात्रिभोज और अगले दिन शिखर सम्मेलन की मुख्य बैठक होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी अपना संबोधन देंगे। समिट के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन