श्योपुर। मध्य प्रदेश में श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नामीबिया से लाई गई मादा चीता ज्वाला ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है और वह दूसरी बार मां बनी है। इस नए जन्म के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ज्वाला और उसके शावकों का वीडियो साझा करते हुए कूनो की टीम और वन विभाग को बधाई दी।

प्रोजेक्ट चीता को मिली नई रफ्तार
बता दें भारत में विलुप्त हो चुके चीतों को दोबारा बसाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत की थी। इसके तहत अफ्रीकी देशों से चीतों को लाकर कूनो में बसाया गया। हाल ही में अफ्रीका के देश बोत्सवाना से भी 9 चीते भारत लाए गए थे। लगातार हो रहे प्रजनन से अब यह परियोजना सकारात्मक परिणाम दिखा रही है और कूनो चीता संरक्षण का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है।
नई पीढ़ी के 13 भारतीय चीते
वन विभाग के अनुसार, ज्वाला और उसके सभी शावक फिलहाल स्वस्थ हैं और विशेषज्ञों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। इससे पहले फरवरी में कूनो में मादा चीता आशा ने 5 और गामिनी ने 3 शावकों को जन्म दिया था। ज्वाला के पांच नए शावकों को मिलाकर अब तक 13 भारतीय पीढ़ी के चीते जन्म ले चुके हैं, जो प्रोजेक्ट चीता की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कूनो और गांधी सागर में बढ़ रही संख्या
वर्तमान में भारत में कुल 53 चीते मौजूद हैं। इनमें से 50 चीते कूनो नेशनल पार्क में हैं, जिनमें वयस्क और शावक दोनों शामिल हैं। वहीं 3 चीते गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में रखे गए हैं, जहां उन्हें नए वातावरण में बसाने की प्रक्रिया जारी है।


