भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के 50 जिलों में आज बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मानसून ट्रफ और शियर जोन एक्टिव हैं। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में दो लो प्रेशर एरिया बने हुए हैं, जिसके चलते प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर समेत प्रदेश के करीब 50 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इसके अलावा पांढुर्णा, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
बारिश की कमी में हुआ सुधार
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच दिनों से मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद प्रदेश में बारिश की स्थिति में सुधार हुआ है। 20 जुलाई तक मध्य प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, जो 24-25 जुलाई तक घटकर 11 प्रतिशत रह गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और तेज बारिश वाले क्षेत्रों में जरूरी सावधानी बरतें।

