मुंबई। मराठी सिनेमा के लिए साल 2026 ऐतिहासिक साबित हो रहा है। अभिनेता और निर्देशक रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे अब तक कोई मराठी फिल्म छू नहीं पाई थी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर मराठी इंडस्ट्री को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
24 दिनों के शानदार रन के बाद फिल्म का नेट कलेक्शन 101.4 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ महाराष्ट्र में ही नहीं, बल्कि हिंदी बेल्ट और विदेशों में भी दमदार प्रदर्शन कर रही है।
चौथे हफ्ते में भी कायम है फिल्म का जलवा
बता दें आमतौर पर क्षेत्रीय फिल्मों की कमाई तीसरे हफ्ते के बाद धीमी पड़ जाती है, लेकिन ‘राजा शिवाजी’ लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 24वें दिन फिल्म ने 1.40 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसमें 1.2 करोड़ मराठी वर्जन और 20 लाख हिंदी डब वर्जन से आए।
75 करोड़ के बजट पर बना रिकॉर्ड प्रॉफिट
जानकारी अनुसार, करीब 75 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी इस पीरियड एक्शन ड्रामा ने अब तक भारत में 101.4 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया है। यानी फिल्म ने लागत निकालने के साथ लगभग 35% का मुनाफा भी कमा लिया है।
फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 124.55 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। भारत में फिल्म ने लगभग 119.65 करोड़ ग्रॉस कमाए, जबकि ओवरसीज मार्केट से 4.90 करोड़ रुपये आए हैं।
‘सैराट’ का रिकॉर्ड टूटा
अब तक मराठी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी फिल्म ‘सैराट’ मानी जाती थी, जिसने करीब 90 करोड़ रुपये कमाए थे। लेकिन ‘राजा शिवाजी’ ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास लिख दिया है।
हफ्तेवार कमाई ने दिखाई फिल्म की ताकत
- पहला हफ्ता – 57.7 करोड़
- दूसरा हफ्ता – 27 करोड़
- तीसरा हफ्ता – 13.25 करोड़
- 22वां दिन – 70 लाख
- 23वां दिन – 1.35 करोड़
- 24वां दिन – 1.40 करोड़
ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि फिल्म का क्रेज लगातार बना हुआ है और दर्शकों का उत्साह अभी भी कम नहीं हुआ।
दमदार स्क्रीन प्रेजेंस बनी फिल्म की ताकत
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी, युद्ध दृश्य, बैकग्राउंड स्कोर और ऐतिहासिक प्रस्तुति को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर फिल्म के कई सीन्स वायरल हो रहे हैं। रितेश देशमुख ने अभिनेता और निर्देशक दोनों भूमिकाओं में जिस तरह फिल्म को प्रस्तुत किया है, उसकी इंडस्ट्री में जमकर चर्चा हो रही है।
मराठी सिनेमा का बदलता दौर
‘राजा शिवाजी’ की सफलता को सिर्फ एक फिल्म की कमाई नहीं, बल्कि मराठी सिनेमा के बदलते स्केल और बढ़ती पैन इंडिया पहुंच के तौर पर देखा जा रहा है। अब क्षेत्रीय सिनेमा सिर्फ लोकल ऑडियंस तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि बड़े बजट और बड़े विजन के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।

