मुंबई: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ के अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर के बाद रणबीर कपूर और यश के सोलो पोस्टर जारी किए गए हैं। रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण के भव्य अवतार में नजर आ रहे हैं। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान को आगे बढ़ाते हुए फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है। ट्रेलर हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में जारी किया गया है।
रणबीर कपूर धनुष के साथ भगवान राम के रूप में दिखे
रणबीर कपूर के पोस्टर में वह भगवान राम के रूप में धनुष उठाए नजर आ रहे हैं। उनके पीछे जंगल के बीच से आती सूरज की रोशनी दिखाई गई है। पोस्टर में राम के गंभीर रूप और युद्ध की तैयारी की झलक मिलती है।
वहीं, यश के पोस्टर में वह रावण के रूप में हाथ में भाला लिए दिखाई दे रहे हैं। पृष्ठभूमि में महल और युद्ध में मारे गए योद्धाओं का दृश्य है। पोस्टर में लंका के राजा के प्रभावशाली और भयावह रूप को दिखाया गया है।
छह भाषाओं में जारी हुआ अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर
‘रामायण’ के अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर में भगवान राम और रावण की अलग-अलग दुनिया की झलक दिखाई गई है। इसमें भव्य दृश्य, एक्शन और फिल्म के विशाल सिनेमाई संसार को प्रस्तुत किया गया है। निर्माताओं ने ट्रेलर को छह भाषाओं में जारी कर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म का अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर लॉन्च किया गया। इसका आयोजन प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया। कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार ए.आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी सहित फिल्म से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
फिल्म में साई पल्लवी सीता और सनी देओल हनुमान बनेंगे
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने फिल्म का निर्माण डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। निर्माताओं ने इस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर भव्य रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी की है।
5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा पहला भाग
‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में प्रदर्शित होगी। इसे आईमैक्स प्रारूप में भी रिलीज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: FIITJEE पर ED की चार्जशीट, 14,411 छात्रों से फीस लेने के बाद 32 कोचिंग सेंटर बंद करने का आरोप
अंतरराष्ट्रीय वितरण की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स के पास
फिल्म के वैश्विक प्रचार और वितरण के लिए सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी की गई है। कंपनी भारत के बाहर फिल्म का वितरण करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा।
निर्माताओं का लक्ष्य भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है। अंतरराष्ट्रीय ट्रेलर और राम-रावण के सोलो पोस्टर जारी करना इसी वैश्विक प्रचार अभियान का हिस्सा है।

