सतना ; मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और POCSO एक्ट के तहत आरोपी शुभम पाल को अदालत में पेशी के दौरान हमला कर दिया गया। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी शुभम पाल को कोलगवां थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने ले जाया जा रहा था। जैसे ही आरोपी को कोर्ट परिसर में प्रवेश कराया गया, दो अलग-अलग गुटों ने उसे घेर लिया। एक गुट आरोपी के समर्थन में था, जबकि दूसरा गुट हमलावरों का था।
हमलावरों ने आरोपी पर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और वकीलों ने बीच-बचाव कर आरोपी को बचाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और आरोपी को हमलावरों के चंगुल से सुरक्षित निकालकर कोर्ट रूम के अंदर पहुंचाया।


