श्योपुर। जिले के जिला अस्पताल से एक अनोखी और खुशी भरी खबर सामने आई है। वीरपुर तहसील के भैरूपुरा गांव की निवासी पूजा सुमन ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इन नवजातों में दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन पूजा सुमन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सफलतापूर्वक चारों बच्चों का सुरक्षित प्रसव कराया।
हालांकि, समय से पहले यानी सातवें महीने में डिलीवरी होने के कारण चारों नवजातों का वजन सामान्य से काफी कम है। प्रत्येक बच्चे का वजन करीब एक किलोग्राम के आसपास बताया जा रहा है। कम वजन और प्री-मैच्योर जन्म के चलते उन्हें सांस लेने और शरीर का तापमान बनाए रखने में परेशानी हो सकती है। इसी कारण सभी बच्चों को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती कर वार्मर पर रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है।
चिकित्सकों के अनुसार, अगले 72 घंटे नवजातों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। राहत की बात यह है कि मां पूजा सुमन की हालत फिलहाल स्थिर है। समय पर अस्पताल पहुंचने और डॉक्टरों की मुस्तैदी से जच्चा-बच्चा दोनों की जान बच गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में खुशी के साथ-साथ आश्चर्य का माहौल भी बना हुआ

