नई दिल्ली: ऑनलाइन बैंकिंग और साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए RBI डिजिटल पेमेंट की सुरक्षा में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब खाता हैक होने का शक होने पर बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बैंकिंग ऐप में ‘STOP SWITCH’ नाम का इमरजेंसी फीचर मिलेगा, जिससे एक क्लिक में नए डिजिटल पेमेंट रोके जा सकेंगे।
RBI ने इसके लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं। इन पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे गए हैं। कुछ प्रावधान 1 जनवरी 2027 और डिजिटल पेमेंट से जुड़े नए फीचर 1 जुलाई 2027 से लागू हो सकते हैं। अभी अंतिम मंजूरी बाकी है।
STOP SWITCH से एक क्लिक में रुकेंगे पेमेंट
STOP SWITCH बैंक ऐप में इमरजेंसी बटन की तरह काम करेगा। संदिग्ध गतिविधि दिखने या मोबाइल, पासवर्ड की जानकारी लीक होने का शक होने पर ग्राहक इसे ऑन कर सकेगा।
इसे ऑन करते ही खाते से नए डिजिटल पेमेंट, नए ऑटो-डेबिट और किसी नए ऐप पर UPI रजिस्ट्रेशन रुक जाएगा। हालांकि पूरा खाता फ्रीज नहीं होगा। पैसे जमा होने की सुविधा जारी रहेगी। पहले से चल रही लोन EMI, पुराने ऑटो-डेबिट और बैंक चार्ज भी जारी रहेंगे। वेरिफिकेशन के बाद ग्राहक दोबारा पेमेंट शुरू कर सकेगा।
ग्राहक खुद तय करेंगे पेमेंट लिमिट
नए प्रस्ताव में ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से डिजिटल पेमेंट की लिमिट तय कर सकेंगे। अगर बैंक की लिमिट 5 लाख रुपये है, लेकिन ग्राहक सिर्फ 20 हजार रुपये तक भुगतान करना चाहता है, तो वह अपनी लिमिट खुद सेट कर सकेगा।
इसमें एक बार में ट्रांसफर की सीमा, किसी खास व्यक्ति को भेजी जाने वाली अधिकतम रकम और पूरे दिन की कुल लिमिट तय करने का विकल्प होगा। ग्राहक अलग-अलग पेमेंट चैनल के इस्तेमाल का समय भी तय कर सकेगा। यह सुविधा डेबिट, क्रेडिट और प्रीपेड कार्ड पर भी लागू हो सकती है। नए खाते में डिजिटल पेमेंट डिफॉल्ट रूप से बंद रखने का भी प्रस्ताव है।
TRUSTED PERSON से बड़े पेमेंट पर लगेगी दूसरी मंजूरी
RBI ‘TRUSTED PERSON’ फीचर भी ला रहा है। इसमें ग्राहक परिवार के किसी भरोसेमंद व्यक्ति को नॉमिनेट कर सकेगा, जिसकी उम्र कम से कम 18 साल हो। ग्राहक एक पेमेंट लिमिट तय करेगा। इससे ज्यादा का ट्रांजैक्शन होने पर भरोसेमंद व्यक्ति के पास जानकारी जाएगी। उसे मंजूरी के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। मंजूरी न मिलने पर ट्रांजैक्शन अपने आप रुक जाएगा। इसे चालू करने से पहले 24 घंटे का कूलिंग-ऑफ पीरियड होगा।
यह भी पढ़ें: डाकघर निरीक्षक को CBI ने 8 हजार की रिश्वत लेते दबोचा, बहाली के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपये
TRUSTED PERSON नहीं देख सकेगा बैलेंस
RBI ने प्राइवेसी का भी ध्यान रखा है। TRUSTED PERSON को खाते का बैलेंस, FD, निवेश या बीमा की जानकारी नहीं दिखेगी। वह खाते से पैसे भी नहीं निकाल सकेगा। उसकी भूमिका सिर्फ बड़े पेमेंट को मंजूरी देने या रोकने तक होगी। यह सुविधा वैकल्पिक होगी और UPI, दुकानों पर सामान्य पेमेंट और ऑटो-डेबिट पर लागू नहीं होगी।
बैंक की लापरवाही पर बढ़ेगी जवाबदेही
अगर बैंक सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं करता, अलर्ट नहीं भेजता, 24 घंटे फ्रॉड शिकायत की सुविधा नहीं देता या समय पर कार्रवाई नहीं करता, तो इसे बैंक की लापरवाही माना जाएगा। सिस्टम में खराबी, सुरक्षा में सेंध या कर्मचारी की मिलीभगत से हुए फ्रॉड में भी बैंक की जिम्मेदारी तय होगी।
ये नियम सरकारी और निजी बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट्स बैंक, ग्रामीण बैंक और सहकारी बैंकों पर लागू होंगे। लागू होने पर करोड़ों ग्राहकों को डिजिटल लेनदेन पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।

