बालाघाट। वारासिवनी तहसील के सिकन्द्रा क्षेत्र स्थित वैनगंगा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी इन दिनों भारी डम्परों की आवाजाही से गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी से सटे खेतों में चल रहे प्लाटिंग कार्य के लिए मिट्टी का परिवहन डम्परों के माध्यम से किया जा रहा है, जिनका आवागमन कॉलोनी की मुख्य सड़क से किया जाता है। यह आवागमन अर्धरात्रि के समय लगातार जारी रहता है।
निवासियों का कहना है कि रात में डंपरों की तेज गर्जन और कंपन से नींद बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवार को गंभीर असुविधा हो रही है। इसके अलावा, भारी वाहनों के लगातार दबाव से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। सीवर लाइन के चैंबर टूटने लगे हैं, जिससे भविष्य में जलभराव, गंदगी और अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।
जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन
इस गंभीर समस्या से तंग आकर कॉलोनी के सभी निवासियों ने जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपा है। इसमें कॉलोनी की मुख्य सड़क से लोडेड डंपरों के परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। निवासियों का कहना है कि इससे कॉलोनी की सड़कें और आधारभूत सुविधाएं सुरक्षित रह सकेंगी।
कॉलोनी निवासी दीपक मेश्राम ने बताया कि- यदि प्रशासन ने समय पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो सड़क और सीवर व्यवस्था को और अधिक नुकसान होगा, जिसका सीधा असर आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ेगा।यह मामला स्थानीय स्तर पर सड़क सुरक्षा और आवासीय क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियमों की आवश्यकता को उजागर करता है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि शीघ्र ही इस पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

