मुंबई: टीवी और रियलिटी शो की चर्चित जोड़ी निक्की तंबोली और अरबाज पटेल एक बार फिर अपने निजी रिश्ते को लेकर चर्चा में आ गई है। दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स से सामने आई कुछ गतिविधियों ने फैंस के बीच उनके रिश्ते को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं? खासतौर पर एक-दूसरे को इंस्टाग्राम से अनफॉलो करने और रिश्तों से जुड़े इशारों वाले पोस्ट शेयर करने के बाद दोनों के अलग होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते या कथित ब्रेकअप को लेकर कोई पुष्टि नहीं की है।
एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर जैसे मुद्दे पर साझा किए राय
मामला तब ज्यादा चर्चा में आया जब अरबाज पटेल ने सोशल मीडिया पर ऐसा संदेश साझा किया, जिसमें रिश्ते में धोखे और विश्वासघात को लेकर नाराजगी जाहिर की गई थी। उन्होंने किसी शख्स का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बात को देखने के बाद यूजर्स ने इसे उनके निजी जीवन से जोड़ना शुरू कर दिया। पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर निक्की और अरबाज के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
इसके कुछ समय बाद निक्की ने भी सोशल मीडिया पर रिश्तों और एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर जैसे मुद्दे पर अपनी राय रखी। उनके मुताबिक, किसी रिश्ते में बेवफाई की वजह हमेशा कोई नया या ज्यादा आकर्षक इंसान नहीं होता। कई बार रिश्ते में मौजूद व्यक्ति पुराने वादों, भावनाओं और पार्टनर की अहमियत को नजरअंदाज करने लगता है। निक्की के इस संदेश को फैंस ने अरबाज की पोस्ट से जोड़कर देखा।
सोशल मीडिया कनेक्शन टूटा, तस्वीरें अब भी मौजूद
दोनों के बीच चल रही चर्चाओं को उस वक्त और बल मिला, जब यह सामने आया कि निक्की और अरबाज ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को फॉलो करना बंद कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो करना अक्सर रिश्ते में तनाव का संकेत माना जाता है, जिसके चलते फैंस भी उनके संबंधों की स्थिति को लेकर अनुमान लगाने लगे।
हालांकि, एक दिलचस्प बात यह है कि दोनों के अकाउंट्स पर साथ बिताए पुराने पलों की कई तस्वीरें अब भी दिखाई देती हैं। ऐसे में यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच वास्तव में क्या चल रहा है।
‘बिग बॉस मराठी 5′ में करीब आए थे दोनों
निक्की और अरबाज की कहानी की शुरुआत ‘बिग बॉस मराठी 5’ के दौरान हुई थी। शो में साथ समय बिताने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनकी बॉन्डिंग दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई। शो खत्म होने के बाद भी दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए, जिससे उनके रिश्ते की खबरें लगातार सुर्खियों में बनी रहीं।
बाद में दोनों को रियलिटी शो ‘द 50’ में भी साथ देखा गया। इस शो के दौरान अरबाज ने निक्की के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए उन्हें प्रपोज किया था। उन्होंने घुटनों के बल बैठकर निक्की के सामने अपनी भावनाएं जाहिर कीं। निक्की ने भी उनका प्रपोजल स्वीकार किया और उन्हें गले लगाया था।
परिवार की नाराजगी का भी हुआ था जिक्र
निक्की ने पहले अपने रिश्ते को लेकर बातचीत में बताया था कि उनके पिता इस रिश्ते को लेकर शुरुआत में सहज नहीं थे। इसलिए को दोनों अलग-अलग धर्मों की वजह से परिवार की तरफ से आपत्ति का सामना करना पड़ा था। निक्की ने फराह खान के व्लॉग में अरबाज से अपनी पहली मुलाकात के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि पहली नजर में ही अरबाज को देखकर उनके मन में खास एहसास पैदा हुआ था। अरबाज ने भी बताया था कि निक्की ने अपनी पसंद को लेकर ज्यादा संकोच नहीं किया था।
फिलहाल, दोनों के अनफॉलो करने और सोशल मीडिया पर सामने आए संकेतों ने फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। लेकिन जब तक निक्की तंबोली या अरबाज पटेल खुद इस मामले पर खुलकर कुछ नहीं कहते, तब तक उनके ब्रेकअप की खबर को सिर्फ अटकल के रूप में ही देखा जाना बेहतर होगा।

