भोपाल: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में राज्यव्यापी श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा आयोजित की जाएगी। अभियान की शुरुआत 18 अगस्त से होगी। इसका उद्देश्य संत रविदास के जीवन-दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाना है।
राज्य सरकार ने अभियान के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न विभागों, कलेक्टरों और संभागायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश, जिला और ग्राम स्तर पर सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
18 अगस्त को भोपाल से रवाना होंगे पवित्र कलश
भोपाल के रवीन्द्र भवन में 18 अगस्त को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए पावन कलश रवाना किए जाएंगे। संबंधित जिलों में इन कलशों को सम्मानपूर्वक जिला मुख्यालय तक ले जाने की व्यवस्था की जाएगी।
ये भी पढ़े
भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी
इसके बाद 20 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह होंगे। पावन कलश को रथ के माध्यम से स्थानीय रविदास मंदिरों और ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेश में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक निर्धारित मार्गों पर कलश रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।
मंदिरों में होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
अभियान के दौरान जिला, ग्राम और स्थानीय मंदिरों में सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें संतों, गुरुओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक समरसता यात्रा
श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होगी। यह यात्रा डेरा सचखंड, बल्लन (जालंधर) से शुरू होकर मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों से गुजरेगी। प्रमुख पड़ावों पर स्वागत, समरसता संकल्प, गोष्ठियां और सामाजिक न्याय, सेवा, समता तथा ‘बेगमपुरा’ के आदर्श समाज पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे।
संतों से संपर्क, जिलों में कलेक्टर करेंगे समन्वय
18 से 31 अगस्त तक संत संपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत संतों और गुरुओं को अभियान से जोड़कर विभिन्न आयोजनों में आमंत्रित किया जाएगा।
अभियान के लिए कलेक्टर जिला स्तरीय समन्वयक होंगे। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग नोडल विभाग रहेगा, जबकि जनजातीय जिलों में जनजातीय कार्य विभाग समन्वय करेगा। जिला स्तर पर कार्यक्रमों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।

