Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी

इंदौर में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सीएचएमओ (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) कार्यालय के पीछे स्थित मंदिर परिसर में करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका से मामले की जांच कर रही है।

मंदिर के ओटले पर मिला शव

जानकारी के मुताबिक, पालिका प्लाजा के पीछे स्थित मंदिर के ओटले पर रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को बेसुध हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

सिर पर पत्थर से वार के निशान

बता दें घटनास्थल की शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी पत्थर या कठोर वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई।

मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से यह पता चल सकता है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और घटना में कौन लोग शामिल थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण और समय का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन