उज्जैन: जिले में आश्रम और गौशाला का निर्माण करा रहे निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ मुंबई की एक महिला ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। महिला ने महामंडलेश्वर पर अश्लील बातचीत और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
महिला का आरोप है कि सत्संग में शामिल होने के बाद महामंडलेश्वर उसे लगातार फोन और वीडियो कॉल करने लगे। इस दौरान अश्लील बातें करने और वीडियो कॉल पर नग्न होने का दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वृंदावन स्थित आश्रम में उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए। फिलहाल महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है। अखाड़े के पंच इस मामले में बैठक करेंगे। इसके बाद उन्हें अखाड़े से निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी।
सत्संग के वीडियो देखकर संपर्क किया
महिला ने पुलिस को बताया कि वह घर में सुख-शांति और पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए धार्मिक कार्यक्रमों और प्रवचनों की तलाश कर रही थी। जनवरी 2023 में उसने अपनी फेसबुक आईडी से डॉ. इंद्रदेव महाराज के फेसबुक पेज ‘संत इंद्रदेव’ पर उनके वीडियो देखने शुरू किए।
टीवी पर सत्संग के दौरान उसे इंद्रदेव महाराज का मोबाइल नंबर मिला। 10 अप्रैल 2023 को उसने उस नंबर पर कॉल किया तो उसे बताया गया कि मुंबई के सांताक्रुज पूर्व में सात दिवसीय सत्संग चल रहा है। इसके बाद 12 अप्रैल को वह अपनी छोटी बेटी के साथ सत्संग सुनने पहुंची। अगले दिन 13 अप्रैल को उसने इंद्रदेव से दीक्षा ली और कार्यक्रम के बाद घर लौट आई।
महिला के अनुसार, 8 दिसंबर 2023 को वह दोबारा सत्संग कार्यक्रम में पहुंची और अपनी निजी समस्याएं बताईं। इस दौरान महाराज ने उससे कहा कि वे उसकी मदद करेंगे और उसे बातचीत करते रहने और सेवा करने के लिए कहा।
ये भी पढे़ं: दिवाली की रात दो परिवारों पर टूटा कहर, सिवनी और कटनी में आग से 12 लोगों की मौत
रिकॉर्डिंग भेजने पर बदनामी की धमकी देने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि रिकॉर्डिंग भेजने की जानकारी मिलने पर इंद्रदेव ने उसे धमकाया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्डिंग दूसरे को क्यों भेजी, इससे उनकी बदनामी होगी। महिला के मुताबिक, उन्होंने यह भी कहा कि अगर सोशल मीडिया पर उनकी बदनामी हुई तो वे फांसी लगा लेंगे।
महिला ने बताया कि वह डर के कारण लंबे समय तक किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी। 17 जून 2026 को इंद्रदेव ने फोन पर उसे धमकी देते हुए कहा कि उनकी हर जगह बदनामी हो रही है और वे उसे छोड़ेंगे नहीं। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।



