मध्यप्रदेश में बुधवार से पड़ सकती है कड़ाके की ठंड़, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है। ठंड के साथ-साथ प्रदेश के कई इलाकों में सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

सोमवार सुबह भोपाल सहित कई जिलों में कोहरे की चादर छाई रही। मुरैना और रायसेन में विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

मुरैना सबसे अधिक प्रभावित

मुरैना जिले में घने कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड और कोहरे के चलते सुबह के समय आवाजाही बेहद जोखिम भरी रही।

कई संभागों में कोहरे का असर

कोहरे का प्रभाव केवल एक-दो जिलों तक सीमित नहीं रहा। ग्वालियर-चंबल संभाग, सागर, जबलपुर और रीवा संभाग के कई हिस्सों में भी घना कोहरा देखा गया। टीकमगढ़ में भी मौसम का पहला कोहरा दर्ज किया गया, जो आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने के संकेत दे रहा है।

पचमढ़ी सबसे ठंडा

प्रदेश का हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से अगले 2 से 3 दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है, साथ ही कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है।