Monday, August 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsशकील नूरानी गिरफ्तार: 33 साल की एक्ट्रेस ने लगाए दुष्कर्म और यौन...

शकील नूरानी गिरफ्तार: 33 साल की एक्ट्रेस ने लगाए दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप

मुंबई। फिल्म निर्देशक शकील नूरानी को 33 वर्षीय एक्ट्रेस की शिकायत पर दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 73 वर्षीय नूरानी ने अभिनेता गोविंदा की फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ का निर्देशन किया था। एक्ट्रेस ने आरोप लगाया है कि 2016 में फिल्म में काम दिलाने के बहाने उन्हें नशीली दवा दी गई और उनके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में ब्लैकमेल करने और बार-बार यौन शोषण के भी आरोप लगाए गए हैं।

2016 में अवॉर्ड फंक्शन में हुई थी मुलाकात

मुंबई पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, एक्ट्रेस की शकील नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में आयोजित एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान हुई थी। नूरानी ने कथित तौर पर उन्हें अपनी आगामी फिल्म के प्रोजेक्ट के बारे में बताया और काम के लिए संपर्क करने को कहा।

एक्ट्रेस का आरोप है कि इसके बाद वह स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए नूरानी के मालवानी स्थित घर गई थीं। वहां नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गईं।

वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, होश में आने के बाद नूरानी ने एक्ट्रेस को उनके मोबाइल फोन में कथित वीडियो दिखाया और पुलिस या परिवार से संपर्क करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि इसी कथित वीडियो के जरिए उन्हें धमकाकर नूरानी ने कई बार उनका यौन शोषण किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि यौन संबंध बनाने के बाद नूरानी उन्हें गर्भनिरोधक गोलियां देते थे।

40 दिन तक छिपे रहने के बाद फार्महाउस से गिरफ्तार

मालवानी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नूरानी सतारा जिले के मेधा इलाके में स्थित एक फार्महाउस में रह रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद नूरानी करीब 40 दिन तक पुलिस से बचते रहे। पुलिस टीम ने अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में स्थित उनके बेटे के घर की भी तलाशी ली, लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में पुलिस ने उन्हें सतारा के मेधा स्थित फार्महाउस से गिरफ्तार कर लिया।

12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेजे गए

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शकील नूरानी को शनिवार को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

1990 के दशक में बनाई कई फिल्में

शकील नूरानी ने 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में कई फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘विष्णु देवा’ (1991), ‘श्रीमान आशिक’ (1993), ‘बड़े दिलवाला’ (1999) और ‘जोरू का गुलाम’ (2000) शामिल हैं।

संजय दत्त से भी रहा विवाद

शकील नूरानी इससे पहले अभिनेता संजय दत्त के साथ विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। एक पुराने मामले में मुंबई की अदालत ने शकील नूरानी को धमकाने के आरोप से जुड़े मामले में संजय दत्त के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन