बैंकॉक: थाईलैंड के नोंथबुरी प्रांत में शुक्रवार को एक स्कूल में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में 7 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में तीन शिक्षक और तीन छात्र शामिल हैं, जबकि हमलावर की भी मौत हो गई है। गोलीबारी में करीब 20 से 30 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना राजधानी बैंकॉक के उत्तर में स्थित बंग क्रुई जिले के डेबसिरिन नोंथबुरी स्कूल में हुई। इस स्कूल में करीब 3,000 छात्र पढ़ते हैं।
पुलिस ने हमलावर को छात्र बताया
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी करने वाला आरोपी स्कूल का ही छात्र था। नोंथबुरी प्रांतीय पुलिस कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल डेचरापी कोंगडी ने बताया कि संदिग्ध ने घटना के बाद खुद को गोली मार ली। थाईलैंड के सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घायल छात्रों और शिक्षकों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
गोली चलने की आवाज सुनकर क्लासरूम में छिपे छात्र
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनते ही कई छात्र अपने-अपने क्लासरूम में छिप गए।कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने कमरों के दरवाजे खटखटाकर छात्रों को बाहर निकाला। घटना के करीब एक घंटे बाद भी स्कूल के बाहर परिजन और अन्य लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते नजर आए।
थाईलैंड में हथियारों की उपलब्धता पर उठते रहे सवाल
थाईलैंड में आम लोगों के बीच हथियारों की उपलब्धता दक्षिण-पूर्व एशिया के कई अन्य देशों की तुलना में अधिक बताई जाती है। स्मॉल आर्म्स सर्वे के 2017 के आंकड़ों के अनुसार, देश में आम नागरिकों के पास 1 करोड़ से ज्यादा हथियार होने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन के 2019 के आंकड़ों के आधार पर थाईलैंड दक्षिण-पूर्व एशिया में बंदूक से होने वाली हत्याओं के मामले में फिलीपींस के बाद दूसरे स्थान पर था।
फिलहाल पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

