Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसिकल सेल: मप्र जांच में अव्वल, इलाज में फिसड्डी

सिकल सेल: मप्र जांच में अव्वल, इलाज में फिसड्डी

मप्र ने सिकल सेल एनीमिया की जांच में बड़ा आंकड़ा जरूर खड़ा कर लिया है, लेकिन अब सवाल यह है कि जांच के बाद क्या? 1.33 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धि है, मगर केवल लोगों की पहचान कर लेना बीमारी से लड़ाई की मंजिल नहीं हो सकती। असली परीक्षा अब मरीजों के नियमित उपचार और कैरियर की प्रभावी निगरानी में है।

प्रदेश में जांच के दौरान 40,741 लोग सिकल सेल से पीड़ित और 2,45,024 लोग कैरियर पाए गए हैं। इतने बड़े आंकड़े के बावजूद यदि मरीजों को नियमित दवाएं, समय पर जांच, विशेषज्ञ परामर्श और जटिलताओं से बचाव की सुविधाएं नहीं मिलतीं तो स्क्रीनिंग अभियान का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। सबसे बड़ी कमी यही है कि सरकारी तंत्र में जांच के आंकड़े तो तेजी से जुट रहे हैं, लेकिन मरीजों के उपचार और फॉलोअप की वास्तविक स्थिति को लेकर उतनी स्पष्टता दिखाई नहीं देती।

डिजिटल ट्रैकिंग की व्यवस्था है, मुफ्त हाइड्रोक्सीयूरिया और फॉलिक एसिड उपलब्ध कराने का दावा है, लेकिन सवाल यह है कि दूरदराज के आदिवासी इलाकों में इन सुविधाओं की नियमित उपलब्धता कितनी है? क्या हर चिह्नित मरीज समय पर दवा ले रहा है? क्या उसकी नियमित जांच हो रही है? इन सवालों के ठोस जवाब जरूरी हैं।कैरियर की बड़ी संख्या एक और गंभीर चुनौती है। कैरियर को सिर्फ रिपोर्ट थमा देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें बीमारी के आनुवंशिक स्वरूप, विवाह से पहले जांच और भविष्य की संतान पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के बारे में वैज्ञानिक और संवेदनशील तरीके से समझाना होगा।

यहां आनुवंशिक परामर्श की व्यवस्था अभी भी मजबूत किए जाने की जरूरत है।मप्र में समस्या का एक बड़ा हिस्सा उन इलाकों में है जहां स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से सीमित हैं। ऐसे क्षेत्रों में सिकल सेल मरीजों के लिए विशेषज्ञ सेवाओं, नियमित फॉलोअप, जांच और दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की वास्तविक परीक्षा है। राजधानी और जिला मुख्यालयों की व्यवस्था को पूरे प्रदेश की तस्वीर मान लेना खतरनाक होगा। सिकल सेल उन्मूलन का लक्ष्य केवल बड़े-बड़े आंकड़ों और अभियानों से हासिल नहीं होगा।

सरकार को अब स्क्रीनिंग की सफलता गिनने के बजाय उपचार की पहुंच और मरीजों के जीवन में आए बदलाव को सफलता का पैमाना बनाना होगा। मप्र ने जांच में लंबी छलांग लगाई है, लेकिन मंजिल अभी दूर है। अब प्रचार नहीं, परिणाम चाहिए; आंकड़े नहीं, मरीजों को नियमित इलाज चाहिए। यही सिकल सेल के खिलाफ असली लड़ाई होगी।

-मिलिंद ठाकरे

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन