भोपाल: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज अंबेडकर पार्क, भोपाल पहुंचकर पिछले 14 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पेसा मोबिलाइजर्स से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आंदोलनरत युवाओं को भरोसा दिलाया कि वो उनके साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय एवं उनका हक दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
पेसा मोबिलाइजर्स आंदोलनकारियों को नेता प्रतिपक्ष ने दिया समर्थन
सिंघार ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के करीब 5,200 पेसा मोबिलाइजर्स को एक झटके में बेरोजगार कर दिया। यह सिर्फ 5 हजार युवाओं का रोजगार छीनने का मामला नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों की रोजी-रोटी, भविष्य और सम्मान पर चोट है।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि 14 दिनों से पेसा मोबिलाइजर्स भोपाल में धरने पर बैठे हैं, लेकिन आदिवासियों और उनके अधिकारों की बात करने वाली सरकार के पास उनकी बात सुनने तक का समय नहीं है। इससे सरकार के आदिवासी हितैषी होने के दावों की वास्तविकता सामने आती है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पेसा मोबिलाइजर्स सरकार और आदिवासी ग्राम सभाओं के बीच महत्वपूर्ण जमीनी कड़ी के रूप में काम करते रहे हैं। गांव-गांव जाकर उन्होंने ग्राम सभाओं को सक्रिय करने, PESA कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में इन कर्मचारियों को हटाने का सीधा असर PESA कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम सभाओं की सक्रियता पर पड़ेगा।
सिंघार ने कहा कि PESA केवल भाषणों और पोस्टरों से जमीन पर लागू नहीं होता। इसके लिए गांवों में लगातार काम करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं की जरूरत है। पेसा मोबिलाइजर्स ने वर्षों तक बेहद कम मानदेय पर गांव-गांव जाकर अपनी सेवाएं दीं। आज सरकार उनके अनुभव, मेहनत और सेवा को नजरअंदाज कर उन्हें घर बैठने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार छीना ही नहीं गया, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और सम्मान पर चोट की गई है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगी और पेसा मोबिलाइजर्स को उनका अधिकार और न्याय दिलाकर रहेगी।



