सिद्धार्थनगर: नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के बीच दो महिलाओं समेत छह भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। सभी पर्यटक पहाड़ी दर्रों में बर्फ के बीच फंसे होने की आशंका है। उनकी तलाश के लिए जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की मांग की है। नेपाली सेना को भी बचाव अभियान में लगाया गया है।
लौटते समय टूटा संपर्क
जानकारी के अनुसार, भारतीय पर्यटक डोल्पो बुद्ध गांवपालिका से शे-फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वे भारी हिमपात की चपेट में आ गए। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के वार्ड नंबर चार और आठ के बीच स्थित नुमला और वागला पास क्षेत्र में पहुंचने के बाद उनसे संपर्क टूट गया।
बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। स्थानीय गाइडों के मुताबिक, खराब मौसम और रास्तों पर बर्फ जमने के कारण पहाड़ी दर्रों को पार करना मुश्किल हो गया था। पर्यटकों को स्थानीय लोगों ने भी मौसम बिगड़ने और रास्ते में बर्फ जमने के खतरे को लेकर आगाह किया था।
मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से मुश्किल
डोल्पा की प्रमुख जिला अधिकारी जुनु हमाल ने बताया कि पर्यटक धोबाट से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें प्रतिकूल मौसम की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बावजूद वे आगे बढ़ गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है।
शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा सम्दुक गुरूंग के अनुसार, वार्ड नंबर चार और आठ के बीच स्थित दोनों पहाड़ी दर्रों में मोबाइल नेटवर्क नहीं है। संचार सुविधा नहीं होने के कारण लापता पर्यटकों की स्थिति का पता लगाने में परेशानी आ रही है। प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की मदद मांगी है और नेपाली सेना की टीम तलाश में जुटी है।

