मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र में रविवार सुबह चंबल नदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगरा साहसपुर घाट से उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा महादेव मंदिर जा रहा यात्रियों से भरा स्टीमर बीच नदी में अचानक बंद हो गया।
बताया जा रहा है कि स्टीमर में करीब 100 यात्री और 50 से ज्यादा मोटरसाइकिलें सवार थीं। नदी के बीच पहुंचते ही इंजन बंद होने से स्टीमर तेज बहाव के साथ बहने लगा। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
डीजल खत्म होने और इंजन में खराबी की बात
स्टीमर में सवार यात्रियों के मुताबिक, नदी के बीच पहुंचने के बाद स्टीमर का डीजल खत्म हो गया, जिसके बाद इंजन बंद हो गया। एक यात्री ने यह भी बताया कि स्टीमर के पंखे में कपड़ा फंस गया था। इंजन बंद होने के बाद स्टीमर को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और वह चंबल नदी की तेज धार के साथ बहने लगा।
तेज बहाव में बहता रहा स्टीमर
इंजन बंद होने के बाद स्टीमर काफी दूर तक नदी के बहाव के साथ बहता रहा और भिंड जिले की सीमा की ओर पहुंच गया। स्टीमर के कर्मचारियों ने बल्लियों की मदद से उसे नदी के किनारे लगाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और स्टीमर में मौजूद यात्रियों व वाहनों की अधिक संख्या के कारण मुश्किलें सामने आईं।
यात्रियों में दहशत, संचालन पर उठे सवाल
बीच नदी में स्टीमर के बंद होने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। यात्रियों ने स्टीमर के संचालन में लापरवाही का आरोप लगाया है।
यात्रियों का कहना है कि करीब 100 लोगों और बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलों को लेकर चल रहे स्टीमर में डीजल खत्म होना और नदी के बीच इंजन बंद हो जाना गंभीर लापरवाही है। यात्रियों ने स्टीमर की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन की जांच की मांग की है।
किनारे लगाने के प्रयास जारी
घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। फिलहाल स्टीमर को सुरक्षित तरीके से नदी के किनारे लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने स्टीमर में यात्रियों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर चंबल नदी के तेज बहाव के बीच अगर स्टीमर और दूर बह जाता, तो बड़ी संख्या में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी। फिलहाल यात्रियों को सुरक्षित निकालने और स्टीमर को किनारे लाने के प्रयास जारी हैं।

