नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तीन-भाषा नीति को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अदालत ने कहा है कि जो छात्र पहले से दो भाषाएं पढ़ रहे हैं, वे दो भाषाएं ही पढ़ते रहेंगे, जबकि तीन भाषाएं चुन चुके छात्रों को तीनों भाषाएं जारी रखने की अनुमति होगी। किसी भी छात्र को अपनी पसंद के विपरीत तीसरी भाषा चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सीबीएसई की तीन-भाषा नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान यह बात कही। पीठ ने स्पष्ट किया कि स्कूल अदालत के आदेश का ऐसा अर्थ न निकालें, जिससे तीन भाषाएं चुन चुके छात्रों को दो भाषाओं की व्यवस्था में लौटना पड़े।
दो चुनने वाले दो और तीन चुनने वाले तीन भाषाएं पढ़ेंगे
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने कहा कि कक्षा 6 के जिन छात्रों ने पहले ही तीन भाषाएं चुन ली हैं, वे तीनों भाषाएं पढ़ना जारी रखेंगे। वहीं, जिन्होंने तीन भाषाएं नहीं चुनी हैं, उन्हें इसके लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि जो छात्र अभी दो भाषाएं पढ़ रहे हैं, उन्हें इस साल भी दो भाषाएं जारी रखने की अनुमति होगी। यह बच्चों से जुड़ा मामला है और अदालत इसे अनावश्यक रूप से आगे नहीं बढ़ाना चाहती। जिन छात्रों ने पहले ही अपना विकल्प चुन लिया है, उन्हें उसी के अनुसार पढ़ाई करने दी जाए।
दसवीं तक छूट पर भी हुई चर्चा
सीबीएसई की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जिन छात्रों ने तीन भाषाएं चुनी हैं, उन्हें पुरानी व्यवस्था में लौटने की मांग नहीं करनी चाहिए। उन्होंने दसवीं कक्षा तक छूट देने में व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया।
इस पर न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि कक्षा 7 के छात्रों को भी इसी तरह की छूट दी गई है। अदालत ने कक्षा 7 तक के छात्रों को मिली छूट दसवीं तक जारी रखने के पहलू पर भी ध्यान दिलाया।
तीन-भाषा नीति में क्या है प्रावधान?
सीबीएसई की तीन-भाषा नीति के तहत कम से कम दो भाषाएं भारतीय भाषाएं होनी चाहिए। हालांकि, कक्षा 7, 8 और 9 के छात्रों को इस नियम से छूट दी गई है। वे दो विदेशी भाषाओं और एक भारतीय भाषा का विकल्प चुन सकते हैं। इन कक्षाओं में तीसरी भाषा की परीक्षा स्कूल स्तर पर होगी, बोर्ड परीक्षा में नहीं।
सुप्रीम कोर्ट ने पहले इस नीति पर रोक लगाने से इनकार किया था। हालांकि, अंग्रेजी को गैर-भारतीय मूल की भाषा बताने के आधार पर वर्गीकृत किए जाने पर सवाल उठाए थे। अदालत ने सीबीएसई और संबंधित अधिकारियों से यह भी पूछा था कि स्कूलों में नीति लागू करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: भोपाल में नकली कफ सिरप सिंडिकेट पर शिकंजा, STF ने कोर्ट में पेश किया 1250 पेज का चालान
सीबीएसई ने मांगा था पुराने आदेश में बदलाव
सीबीएसई ने सुप्रीम कोर्ट से 28 सितंबर के आदेश में बदलाव करने की मांग की थी। बोर्ड का कहना था कि कक्षा 6 से 9 के छात्रों को दी गई छूट पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए, क्योंकि कुछ छात्र पहले ही तीन भाषाओं का चयन कर चुके हैं। इससे पहले अदालत ने सीबीएसई को कक्षा 6 के छात्रों को भी कक्षा 7 के छात्रों जैसी छूट देने पर विचार करने को कहा था।
सुनवाई के अंतिम चरण में वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने आदेश में बदलाव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि याचिकाकर्ताओं को इस संबंध में नहीं सुना गया। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि पीठ का मकसद केवल यह बताना है कि दो भाषाएं चुनने वाले छात्र दो और तीन भाषाएं चुनने वाले छात्र तीनों भाषाएं पढ़ सकते हैं।
अदालत ने कहा कि स्कूलों को इस स्पष्टीकरण का ऐसा अर्थ नहीं निकालना चाहिए, जिससे तीन भाषाएं चुन चुके छात्रों को दो भाषाओं पर लौटने के लिए मजबूर होना पड़े।

