भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस की निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाकिस्तान के एक व्यक्ति का वीडियो पोस्ट होने से नया विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में व्यक्ति खुद को पाकिस्तानी बताते हुए भारत सरकार से नेहा की बहाली और रिहाई की मांग कर रहा है। इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा और गुप्तचर एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
कटनी में पदस्थ रहीं नेहा पच्चीसिया धोखाधड़ी और अवैध वसूली समेत कई गंभीर आरोपों का सामना कर रही हैं। वह फिलहाल फरार बताई जा रही हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
वीडियो में नेहा की वापसी का दावा
वायरल वीडियो में चश्मा लगाए एक व्यक्ति ने नेहा पच्चीसिया का समर्थन करते हुए भारत सरकार से उन्हें बहाल करने और रिहा करने की अपील की है। उसने दावा किया कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही नेहा खुद सामने आकर अपनी वापसी का ऐलान करेंगी। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अकाउंट हैक हुआ या किसी ने किया इस्तेमाल?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पाकिस्तानी व्यक्ति ने नेहा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट तक पहुंच कैसे बनाई। क्या अकाउंट हैक किया गया है या किसी ने जानबूझकर इसका इस्तेमाल कर वीडियो पोस्ट किया है? फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो उनकी सहमति से पोस्ट किया गया या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है।
ये भी पढ़ें: इंदौर की मेंटरशिप से बदली देपालपुर की तस्वीर, 378वीं रैंक से अब राष्ट्रीय सम्मान की दौड़ में
साइबर सेल खंगाल रहा डिजिटल रिकॉर्ड
वीडियो सामने आने के बाद साइबर सेल अकाउंट के लॉगिन रिकॉर्ड, हालिया गतिविधियों और वीडियो अपलोड करने से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रहा है। वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान और अकाउंट तक उसकी पहुंच का तरीका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी जांच के बाद ही वीडियो पोस्ट होने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

