पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शाहनगर जनपद के ग्राम पिपरिया कला स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला में मंगलवार सुबह निर्धारित समय के बाद भी स्कूल का ताला नहीं खुला। सुबह करीब 10:30 बजे तक छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर खड़े होकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे।
स्कूल के बाहर इंतजार करते रहे बच्चे
स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बताया कि कई बार शिक्षक निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते और अक्सर करीब 11 बजे स्कूल आते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई का महत्वपूर्ण समय प्रभावित होता है। मौके पर मौजूद लोगों ने स्कूल के बंद गेट और बाहर खड़े बच्चों का वीडियो भी बनाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे अपने बच्चों को समय पर स्कूल भेजते हैं, लेकिन शिक्षकों की देरी के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है। उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
शिक्षा विभाग ने जांच का दिया आश्वासन
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को जांच और विद्यालय के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी स्कूलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

