मैहर। अमरपाटन कस्बे में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीच बाजार में दो आवारा मवेशी आपस में भिड़ गए और लड़ते-लड़ते एक दुकान के बिल्कुल करीब तक पहुँच गए। अचानक हुए हंगामे से दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों मवेशियों को खदेड़कर मुख्य सड़क से दूर किया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के दौरान दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
शहरी क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में घूम रहे आवारा मवेशी न केवल जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं, बल्कि आए दिन राहगीरों और दुकानदारों के लिए खतरा भी बनते जा रहे हैं।
हैरानी की बात तो यह है कि शासन द्वारा गौशालाएँ तो संचालित की गई हैं, लेकिन मवेशियों को वहाँ पहुँचाने की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण गौशालाएँ खाली पड़ी हैं और जानवर खुलेआम सड़कों पर घूमते नजर आते हैं।


