Monday, July 27, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में 5 से 8 अगस्त तक होगा BRICS संस्कृति सम्मेलन, संस्कृति...

भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक होगा BRICS संस्कृति सम्मेलन, संस्कृति मंत्रियों और कलाकारों का होगा संगम

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल 5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले BRICS Culture Track Meetings की मेजबानी करेगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि और कलाकार शामिल होंगे। चार दिवसीय आयोजन के दौरान उच्चस्तरीय बैठकों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से परिचय कराने वाले कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को कमिश्नर कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की संचालक प्रियंका चंद्र (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ अंजू अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं भारत की सांस्कृतिक परंपरा, गरिमा और आतिथ्य के अनुरूप हों। उन्होंने प्रत्येक कार्यक्रम की माइक्रो प्लानिंग करने और केंद्र व राज्य सरकार के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अनुसार 5 और 6 अगस्त को मिंटो हॉल में ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की बैठकें आयोजित होंगी। 5 अगस्त की शाम प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेगा, जबकि 6 अगस्त को रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स देशों के कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

7 अगस्त को संस्कृति मंत्रियों का भोपाल आगमन होगा। वे ट्राइबल म्यूजियम, वन विहार और राज्य संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। इसी दिन शाम को रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टिवल और सांस्कृतिक शो आयोजित होगा। 8 अगस्त को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में संस्कृति मंत्रियों की बैठक होगी, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप का भ्रमण करेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन