बालाघाट। जिला कांग्रेस किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भुरू पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसानों की लगातार हो रही उपेक्षा, बढ़ती लागत, उचित समर्थन मूल्य का अभाव, खाद-बीज की समस्याएं और किसानों पर बढ़ते आर्थिक संकट के खिलाफ किसान कांग्रेस अब निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक चुकी है।
उन्होंने बताया कि किसानों के हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में किसान कांग्रेस का सशक्त संगठन तैयार किया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी विकासखंडों में सक्रिय एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं को ब्लॉक प्रभारी नियुक्त कर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा, ताकि किसानों की हर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसके समाधान के लिए आंदोलन खड़ा किया जा सके।
भुरू पटेल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसान की समस्या छोटी हो या बड़ी, किसान कांग्रेस हर मोर्चे पर किसानों के साथ खड़ी रहेगी। किसी भी किसान के साथ अन्याय, शोषण या प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का अन्नदाता लगातार संकट में है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, सिंचाई, बिजली, खाद और बीज जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो किसान कांग्रेस जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी आवाज़ को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना है। अब जिले का प्रत्येक किसान यह महसूस करेगा कि उसकी लड़ाई लड़ने के लिए किसान कांग्रेस का संगठन पूरी ताकत के साथ उसके साथ खड़ा है।

