Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमंत्री बोले- 'अपनी चमड़ी के जूते भी बनवाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को...

मंत्री बोले- ‘अपनी चमड़ी के जूते भी बनवाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव को पहनाऊ’

चार दिन पहले पहले सिंधिया के जयकारे लगाए, अब सीएम की तारीफ में पढ़े कसीदे

भोपाल। मप्र सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। महज चार दिनों के भीतर दो अलग-अलग सरकारी कार्यक्रमों में दिए गए उनके बयान राजनीतिक गलियारों में सुर्खियां बटोर रहे हैं। पहले गुना में उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सिंधिया परिवार की खुलकर प्रशंसा की, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम तक नहीं लिया। वहीं अब राजगढ़ जिले के सारंगपुर में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री की ऐसी प्रशंसा की कि उनका बयान चर्चा का विषय बन गया।

सारंगपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में मंत्री टेटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन पर इतना विश्वास और स्नेह जताया है कि यदि उनका बस चले तो वे अपनी चमड़ी के जूते बनवाकर मुख्यमंत्री को पहनाएं, तब भी उनके उपकारों का ऋण नहीं चुका पाएंगे। मंत्री के इस बयान के बाद मंच पर मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई, जबकि मुख्यमंत्री स्वयं मुस्कुराते हुए संकोच की मुद्रा में दिखाई दिए।

इसके चार दिन पहले गुना में आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री टेटवाल का अंदाज अलग था। उन्होंने मंच से ज्योतिरादित्य सिंधिया की जमकर प्रशंसा की और उनके समर्थन में नारे लगवाए। इतना ही नहीं, उन्होंने सिंधिया की बुआ यशोधरा राजे सिंधिया और दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया का भी उल्लेख करते हुए उनके सम्मान में नारे बुलवाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम तक उनके संबोधन में नहीं आया।

लगातार दो कार्यक्रमों में मंत्री के अलग-अलग तेवर अब राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गए हैं। सत्ता के गलियारों में इन बयानों के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। एक ओर इसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान और राजनीतिक शिष्टाचार के रूप में देखा जा रहा है, तो दूसरी ओर मंत्री के बदलते सार्वजनिक तेवरों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मंत्री गौतम टेटवाल के दोनों बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सार्वजनिक मंचों पर नेताओं के ऐसे बयान अक्सर राजनीतिक संदेश भी देते हैं, इसलिए इन पर स्वाभाविक रूप से राजनीतिक नजरें टिक जाती हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन