उज्जैन: 17 अगस्त को उज्जैन में आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। सावन का तीसरा सोमवार और नागपंचमी इस बार एक ही दिन पड़ रहे हैं। इसके चलते श्री महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
नागपंचमी के अवसर पर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक 24 घंटे के लिए खोले जाएंगे। साल में केवल नागपंचमी पर ही नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन होते हैं, ऐसे में देशभर से श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की उम्मीद है।
आधी रात को खुलेगा नागचंद्रेश्वर मंदिर
16 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे भगवान नागचंद्रेश्वर के प्रथम पूजन की प्रक्रिया शुरू होगी। मध्यरात्रि 12 बजे कपाट खुलने के बाद श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज भगवान नागचंद्रेश्वर का पूजन-अभिषेक करेंगे।
इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रथम पूजन के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हो जाएंगे और लगातार 24 घंटे तक भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन किए जा सकेंगे।
तीन बार होगी विशेष पूजा
नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर की त्रिकाल पूजा की परंपरा है। पहली पूजा 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे कपाट खुलने के बाद होगी। दूसरी पूजा 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे अखाड़े की ओर से की जाएगी।
शाम को भगवान महाकाल की संध्या आरती के बाद महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी और पुरोहित भगवान नागचंद्रेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
नागचंद्रेश्वर दर्शन की सामान्य प्रवेश व्यवस्था
सामान्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश कर्कराज पार्किंग स्थित प्रवेश द्वार से निर्धारित किया गया है। श्रद्धालु कर्कराज से प्रवेश कर भील समाज धर्मशाला, गोंड मोहल्ला, चारधाम, हरसिद्धि चौराहा और बड़ा गणेश होते हुए प्रवेश द्वार क्रमांक-4 से मंदिर परिसर में पहुंचेंगे।
इसके बाद विश्रामधाम से होते हुए नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन किए जाएंगे। दर्शन के बाद प्रीपेड बूथ से निकासी होगी और श्रद्धालु 24 खंबा रोड के रास्ते कर्कराज की ओर जाएंगे।
शीघ्र दर्शन की अलग व्यवस्था
शीघ्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश हरसिद्धि पाल की ओर से निर्धारित किया गया है। श्रद्धालु बड़ा गणेश मार्ग से प्रवेश द्वार क्रमांक-5 से मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे।
इसके बाद विश्रामधाम से होते हुए भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन होंगे। दर्शन के बाद प्रीपेड बूथ से बाहर निकलकर 24 खंबा रोड के रास्ते श्रद्धालु हरसिद्धि पाल की ओर जाएंगे।
नागपंचमी के साथ निकलेगी भगवान महाकाल की सवारी
इस बार नागपंचमी के साथ सावन का तीसरा सोमवार भी है। इसी दिन भगवान महाकाल की सवारी भी नगर भ्रमण पर निकलेगी। एक ओर नागचंद्रेश्वर मंदिर के 24 घंटे दर्शन होंगे, वहीं दूसरी ओर सावन सोमवार और महाकाल की सवारी का आयोजन भी होगा।
ऐसे में उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन, सुगम दर्शन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।

