Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइमरान खान से मुलाकात की याचिका पर 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट...

इमरान खान से मुलाकात की याचिका पर 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात और उनके इलाज से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की है। मामले की सुनवाई तीन जजों की बेंच करेगी। कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय ने सभी संबंधित पक्षों और उनके वकीलों को नोटिस जारी कर दिए हैं।

तीन सदस्यीय बेंच में जस्टिस शाहिद वाहिद, जस्टिस नईम अफगान और जस्टिस इश्तियाक इब्राहिम शामिल हैं।इमरान खान अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और आतंकवाद समेत कई मामलों में कानूनी कार्रवाई चल रही है। अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए उनकी सरकार गिरने के बाद से उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) लगातार उनकी रिहाई और उनसे मुलाकात की अनुमति की मांग करती रही है।

इमरान खान ने अरविंद केजरीवाल का दिया था उदाहरण

पिछली सुनवाई के दौरान इमरान खान ने आरोप लगाया था कि आम चुनाव से कुछ दिन पहले उन्हें अलग-अलग मामलों में दोषी ठहराया गया, ताकि उन्हें चुनाव लड़ने से रोका जा सके।

ये भी पढ़े

इमरान खान की रिहाई नहीं हुई तो बिगड़ सकते हैं पाकिस्तान के हालात, PTI ने दी चेतावनी

उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जिक्र किया था। इमरान ने कहा था कि केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी गई, जबकि उन्हें ऐसा अवसर नहीं मिला। उनका तर्क था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक नेताओं के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

पाकिस्तानी पत्रकार ने जताई थी इमरान की मौत की आशंका

अमेरिका में रह रहे पाकिस्तानी पत्रकार वजाहत सईद खान ने इस सप्ताह एक वीडियो जारी कर इमरान खान की मौत की आशंका जताई थी। इसके बाद इमरान खान की बहनों ने भी सवाल उठाया था कि उन्हें अपने भाई से मिलने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।

हालांकि, बाद में वजाहत सईद खान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इमरान खान की मौत की खबर की पुष्टि नहीं की थी। उन्होंने कहा कि यह कुछ सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर लगाया गया उनका अनुमान था।

नवंबर 2025 में बहन को मिली थी मुलाकात की अनुमति

नवंबर 2025 में इमरान खान की बहन उज्मा खान को अडियाला जेल में उनसे मिलने की अनुमति मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने दावा किया था कि इमरान खान शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं, लेकिन उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

उज्मा ने आरोप लगाया था कि इमरान खान की बाहरी दुनिया से संपर्क की सुविधा लगभग खत्म कर दी गई है। उन्होंने इसके लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार ठहराया था।

अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान

इमरान खान अगस्त 2023 से अडियाला जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से PTI लगातार उनकी रिहाई, नियमित मुलाकात और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग करती रही है। अब सुप्रीम कोर्ट में 18 अगस्त को होने वाली सुनवाई में इन मांगों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई होगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन