कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी में चोरों ने एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बरगवां रोड स्थित किसना ज्वेलर्स में बदमाश पिछली दीवार तोड़कर दाखिल हुए और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान न शोरूम का ताला टूटा और न ही शटर से छेड़छाड़ की गई। शुरुआती जानकारी में चोरी की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन स्टॉक मिलान के बाद होगा।
बुधवार सुबह जब कर्मचारी रोजाना की तरह शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान अस्त-व्यस्त था और कीमती आभूषण गायब थे। जांच करने पर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में बड़ा छेद दिखाई दिया। इसके बाद चोरी की सूचना तत्काल संचालक और माधवनगर पुलिस को दी गई।
पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर पहुंचे चोर
बरगवां रोड पर मोहन बजाज द्वारा किसना ज्वेलर्स का संचालन किया जाता है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बदमाशों ने शोरूम के सामने के हिस्से के बजाय पिछली दीवार को निशाना बनाया। दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोरों ने शोकेस और अन्य स्थानों पर रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश उसी रास्ते से फरार हो गए। सुबह कर्मचारियों के पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एसपी-एएसपी मौके पर पहुंचे, डॉग स्क्वॉड ने की जांच
बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिसकर्मियों से जानकारी ली।
जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने दीवार में बनाई गई सेंध, शोरूम के अंदरूनी हिस्से और संभावित प्रवेश व निकास के रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस अब आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने में जुटी है। फुटेज के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कितने बदमाश शामिल थे और उन्होंने चोरी के लिए किस तरह की योजना बनाई थी।
ये भी पढे़ं: भोपाल में कैंसर की 7 आधुनिक जांचें होंगी मुफ्त, बीएमएचआरसी में खुलेगी डायमंड लैब
स्टॉक मिलान के बाद साफ होगी नुकसान की तस्वीर
शोरूम संचालक और कर्मचारी चोरी गए आभूषणों की संख्या और कीमत का आकलन करने के लिए स्टॉक का मिलान कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी में करीब 10 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि और वास्तविक आंकड़ा जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
व्यस्त व्यापारिक इलाके में ज्वेलरी शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने बदमाशों की पहचान करने और चोरी गए आभूषण बरामद करने की चुनौती है।

