पुणे। पुरंदर तालुका में रविवार शाम एक मशरूम उत्पादन कंपनी के ड्रेनेज टैंक में उतरने के बाद दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक मजदूर टैंक की सफाई के लिए अंदर गया और वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बाहर नहीं आ सके। यह घटना शाम करीब 4:30 बजे पुरंदर तालुका के बेलसर गांव स्थित एक मशरूम कंपनी में हुई, जो जेजुरी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आती है।
पुलिस के मुताबिक, एक मजदूर यूनिट से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी लाइन की सफाई के लिए टैंक में उतरा था। काफी देर तक उसके बाहर न आने पर दूसरा मजदूर उसे देखने के लिए अंदर गया और उसके बाद तीसरा मजदूर भी टैंक में उतरा।
जेजुरी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब तीनों मजदूर बाहर नहीं आए, तो आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अर्थमूवर की मदद से टैंक का स्लैब तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। तीनों को जेजुरी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है,कि टैंक के अंदर जमा जहरीली गैसों के कारण तीनों मजदूरों का दम घुट गया, जिससे वे बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पिंटू राजेश प्रसाद (23), व्यास सोहम कुमार (22) और गौतम रामसुरन कुशवाहा (36) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

