वारासिवनी के तीन खिलाड़ी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना हुनर

वारासिवनी। मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी खेल कैलेंडर 2025-26 के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन शारीरिक शिक्षा अध्ययनशाला, जबलपुर विश्वविद्यालय द्वारा आस से किया जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए शासकीय एस.एस.पी. महाविद्यालय, वारासिवनी के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अनिकेत बावने (बी.ए. द्वितीय वर्ष), तीजन कावरे (बी.एससी. तृतीय वर्ष), तथा गायत्री बनोटे (बी.एससी. तृतीय वर्ष) शामिल हैं।
खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता, छिंदवाड़ा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया, जिसमें 50 से अधिक महाविद्यालयों ने सहभागिता की थी। राज्य स्तर पर महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करना संस्था के लिए गर्व का विषय है। छिंदवाड़ा प्रतियोगिता में अनिकेत बावने ने लॉन्ग जंप एवं ट्रिपल जंप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीजन कावरे ने 5000 मीटर दौड़ में द्वितीय तथा 10000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं गायत्री बनोटे ने ऊँची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
यह भी उल्लेखनीय है कि गायत्री बनोटे ने इसी वर्ष गुजरात में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है, जबकि तीजन कावरे छिंदवाड़ा परिक्षेत्र में दौड़ प्रतियोगिताओं में विशेष पहचान रखती हैं। इसके अतिरिक्त सांसद कप वारासिवनी प्रतियोगिता में भी तीजन ने 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।