सतना। जिले के आयुष्मान हॉस्पिटल रिसर्च सेंटर की पैथोलॉजी लैब एक बार फिर विवादों में घिर गई है। आरोप है कि यहां अधिकृत पैथोलॉजिस्ट की गैरमौजूदगी में कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा रिपोर्ट तैयार कर, डॉक्टर की रबड़ स्टैंप लगी सील से मरीजों को सौंप दी जाती है।
शिकायतकर्ता राघव तिवारी ने इस संबंध में सीएमएचओ को लिखित शिकायत दी है और वीडियो साक्ष्य भी प्रस्तुत करने का दावा किया है। उनका कहना है कि यह भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम का खुला उल्लंघन है। शिकायत के अनुसार 7 जनवरी को जारी की गई हीमोग्राम रिपोर्ट में उनका हिमोग्लोबिन स्तर 16.8 बताया गया, जबकि अंतिम रिपोर्ट में वही मान 10.8 दर्ज किया गया। दो रिपोर्टों में भारी अंतर से यह संदेह गहराता है कि जांच प्रक्रिया मानकों के अनुरूप नहीं हो रही।
आरोप है कि पैथोलॉजिस्ट डॉ. साक्षी चौरसिया कई बार लैब में मौजूद नहीं रहतीं, फिर भी उनके नाम और हस्ताक्षर की सील से रिपोर्ट जारी कर दी जाती है। इससे मरीजों के इलाज और जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद पैथोलॉजी विभाग को तीन दिन के लिए बंद किया गया था, लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
राघव तिवारी ने प्रशासन से मांग की है कि लैब और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा वे न्यायालय में आपराधिक परिवाद दायर करेंगे। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की साख पर बड़ा सवाल खड़ा करेगा।
रबड़ स्टैंप से इलाज! सतना की पैथोलॉजी लैब पर फर्जी रिपोर्ट बनाने का गंभीर आरोप
RELATED ARTICLES

