Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsTrump on Iran: ट्रम्प ने टाला सैन्य हमला, बोले- परमाणु खतरा खत्म...

Trump on Iran: ट्रम्प ने टाला सैन्य हमला, बोले- परमाणु खतरा खत्म करने पर बनी सहमति

वॉशिंगटन डीसी/तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला फिलहाल टाल दिया गया है। ट्रम्प के अनुसार, ईरान और पश्चिम एशिया के कुछ देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद अमेरिका ने तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका बड़े सैन्य ऑपरेशन के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन बातचीत के जरिए आगे बढ़ने की संभावना बनने के बाद हमला स्थगित कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि समझौते की रूपरेखा में होर्मुज स्ट्रेट को तत्काल खोलना और ईरान से परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि इस फैसले पर इजराइल भी अमेरिका के साथ है।

इस बीच, अमेरिकी समाचार वेबसाइट Axios की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत कर ईरान पर बड़े सैन्य हमले से बचने और संयम बरतने की अपील की थी।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े घटनाक्रम

1. अमेरिका ने पश्चिम एशिया छोड़ने की एडवाइजरी जारी की

अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि यदि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति और बिगड़ती है तो वे पश्चिम एशिया छोड़ने की तैयारी रखें। यह एडवाइजरी ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच जारी की गई है।

2. ईरान की चेतावनी- हर हमले का मिलेगा जवाब

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि यदि अमेरिका सैन्य हमला करता है तो तेहरान उसका कड़ा और समान जवाब देगा। उन्होंने पाकिस्तान और तुर्किये के नेताओं से बातचीत में भी यही रुख दोहराया।

3. इजराइल की सुरक्षा को लेकर अमेरिका चिंतित

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने पेंटागन को आगाह किया है कि ईरान के लगातार हमलों की स्थिति में इजराइल की सुरक्षा के लिए मौजूदा नौसैनिक संसाधन पर्याप्त नहीं हो सकते।

4. जयशंकर ने ईरान से कारोबारी जहाजों की सुरक्षा की अपील की

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत कर कारोबारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सरकार के अनुसार, पश्चिम एशिया संघर्ष में अब तक 16 भारतीयों की मौत और 75 लोग घायल हुए हैं।

5. इजराइल में अमेरिकी सैन्य तैयारियां तेज

इजराइली मीडिया के अनुसार, अमेरिका बेन गुरियन एयरपोर्ट पर 10 अतिरिक्त रीफ्यूलिंग विमान तैनात करेगा। इसके बाद वहां ऐसे विमानों की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य क्षमता और मजबूत होगी।

ईरान में लगातार 154वीं रात प्रदर्शन

ईरान में इस्लामिक रिपब्लिक और सशस्त्र बलों के समर्थन में लगातार 154वीं रात भी रैलियां आयोजित की गईं। राजधानी तेहरान के आजादी स्क्वायर पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और सरकार तथा सेना के समर्थन में नारे लगाए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन