अमेरिका: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने 28 साल की उम्र में व्हाइट हाउस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह फैसला अपने दो छोटे बच्चों के लिए ज्यादा समय निकालने के उद्देश्य से लिया है। लेविट ने कहा कि व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की जिम्मेदारी के लिए जिस निरंतर समय, ऊर्जा और ध्यान की जरूरत होती है, उसके साथ वह अपने बच्चों के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पा रही थीं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लेविट के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लेविट अब उनके शीर्ष बाहरी सलाहकारों में शामिल रहेंगी। मई 2026 में बेटी विवियाना के जन्म के बाद लेविट हाल ही में मातृत्व अवकाश से वापस काम पर लौटी थीं।
व्हाइट हाउस की सबसे कम उम्र की प्रेस सचिव
जनवरी 2025 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद कैरोलिन लेविट को व्हाइट हाउस प्रेस सचिव बनाया गया था। उस समय उनकी उम्र 27 साल थी। वह इस पद पर पहुंचने वाली अब तक की सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनीं।
ये भी पढ़े
Meta का बड़ा एक्शन: ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के 7.56 लाख अकाउंट्स बंद
इससे पहले यह रिकॉर्ड रोनाल्ड जिगलर के नाम था, जिन्होंने 29 साल की उम्र में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के प्रेस सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी।
कॉलेज से शुरू हुआ राजनीति का सफर
न्यू हैम्पशायर में पली-बढ़ीं लेविट ने सेंट एंसलम कॉलेज से राजनीति और संचार की पढ़ाई की। 2016 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने फॉक्स न्यूज में इंटर्नशिप की। कॉलेज के दौरान उन्होंने उदारवादी मीडिया की आलोचना करते हुए लेख भी लिखे।
पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने व्हाइट हाउस में कॉरेस्पॉन्डेंस ऑफिस से अपने करियर की शुरुआत की। बाद में वह ट्रंप प्रशासन में असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी बनीं और उनकी प्रमुख समर्थक के तौर पर पहचान बनाई।
2022 में चुनाव लड़ीं, फिर ट्रंप के अभियान से जुड़ीं
2021 में व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद लेविट रिपब्लिकन नेता एलिस स्टेफानिक की कम्युनिकेशन डायरेक्टर बनीं। 2022 में उन्होंने न्यू हैम्पशायर के पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं।
इसके बाद वह ट्रंप समर्थक संगठन MAGA Inc. की प्रवक्ता बनीं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में उन्होंने राष्ट्रीय प्रेस सचिव की जिम्मेदारी संभाली और ट्रंप के प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा बनीं।
32 साल बड़े निकोलस रिकियो से शादी
लेविट ने 2023 में रियल एस्टेट डेवलपर निकोलस रिकियो से सगाई की थी। दोनों के बीच करीब 32 साल का उम्र का अंतर है। 2024 में उनके बेटे रॉबर्ट का जन्म हुआ। जनवरी 2025 में लेविट ने रिकियो से शादी की। मई 2026 में दोनों एक बेटी के माता-पिता बने।
लेविट अपने राजनीतिक करियर के साथ पारिवारिक जीवन को लेकर भी चर्चा में रही हैं।

