मॉस्को: यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा और घातक ड्रोन हमला किया है। रविवार रात हुए इस हमले में यूक्रेन ने 822 ड्रोन से रूस के कई इलाकों को निशाना बनाया। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इनमें से सभी ड्रोन को मार गिराया गया। हालांकि, हमले के दौरान मॉस्को और रोस्तोव समेत कई इलाकों में आग लग गई और कम से कम छह लोगों की मौत हुई।
मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे करीब 600 ड्रोन
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, करीब 600 यूक्रेनी ड्रोन राजधानी की ओर बढ़ रहे थे। इनमें से बड़ी संख्या में ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि एक ड्रोन पोडोल्स्क शहर के एक रिहायशी मकान से टकरा गया। हादसे में 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।
हमले के दौरान पोडोल्स्क में ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज के गोदामों में भीषण आग लग गई। आग से इलाके में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।
रोस्तोव में 150 से ज्यादा ड्रोन का हमला
रोस्तोव क्षेत्र में भी यूक्रेनी ड्रोन ने बड़े पैमाने पर हमला किया। गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक, क्षेत्र के तीन शहरों पर 150 से ज्यादा ड्रोन पहुंचे। हमले में पांच लोगों की मौत हुई। कई रिहायशी मकानों, एक रेलवे स्टेशन और जंगलों में आग लग गई।
रूस ने भी किया जवाबी हमला
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने भी मिसाइलों और ड्रोन से जवाबी हमला किया। क्रिवी रिह में रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए। सूमी में भी एक व्यक्ति की जान गई। राजधानी कीव में कई जगह आग लगने से छह लोग झुलस गए।
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस बैलिस्टिक मिसाइलों से नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है। दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहे हवाई हमलों से रूस-यूक्रेन युद्ध और अधिक खतरनाक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है।

