भोपाल: नर्सिंग छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर नर्सिंग स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (NSO) का भोपाल में धरना प्रदर्शन जारी है। संगठन ने 8 अगस्त से नर्सिंग काउंसिल के सामने अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू किया है। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब तीन छात्र पास की एक बिल्डिंग पर चढ़ गए।
छात्रों की प्रमुख मांग जल्द से जल्द GNM और BSc नर्सिंग के रिजल्ट जारी करने और आगामी परीक्षाएं कराने की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाइश दी। इसके बाद तीनों छात्र कुछ देर बाद सुरक्षित रूप से बिल्डिंग से नीचे उतर आए।
रिजल्ट और परीक्षाओं को लेकर प्रदर्शन
NSO का कहना है कि GNM और BSc नर्सिंग के कई छात्रों के रिजल्ट लंबे समय से लंबित हैं। संगठन ने मांग की है कि सभी लंबित परिणाम जल्द जारी किए जाएं और आगामी परीक्षाओं का कार्यक्रम भी घोषित किया जाए।
छात्र नेता रवि परमार के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। तीन छात्रों के बिल्डिंग पर चढ़ने के बाद उन्हें समझाइश देकर नीचे उतारा गया।
छात्रवृत्ति की भी मांग
नर्सिंग छात्रों ने SC, ST और OBC वर्ग के GNM, BSc नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, MSc नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों को छात्रवृत्ति देने की मांग की है। इसके अलावा EWS आरक्षण के दायरे में आने वाले सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की मांग की गई है।
मेडिकल यूनिवर्सिटी से जोड़ने की मांग
संगठन ने नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों से हटाकर दोबारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से संबद्ध करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। संगठन ने फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की मांग भी उठाई है।
भूख हड़ताल की चेतावनी
NSO ने अपने आंदोलन में भूख हड़ताल को भी शामिल किया है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और परीक्षा व रिजल्ट में देरी का सीधा असर उनके शैक्षणिक भविष्य पर पड़ रहा है।
संगठन की ओर से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है। फिलहाल नर्सिंग छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है और वे अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

