नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण मानी जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी हो गया है। इस सफलता के साथ देशभर के 180 प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने अपने सपनों को साकार करते हुए नई प्रेरणा की मिसाल पेश की है। परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम परिणाम सामने आते ही सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। अनुज अग्निहोत्री के बाद राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा और आकांक्ष धुल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पहले दस स्थान प्राप्त करने वालों में अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम और आकांक्ष धुल के साथ राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए. आर. राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक शामिल हैं।
कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरे अभ्यर्थी
प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक संपन्न हुई। अंतिम चरण के रूप में व्यक्तित्व परीक्षण यानी इंटरव्यू की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चली।
मुख्य परीक्षा में सफल होने के बाद कुल 2,736 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। अब अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद 15 दिनों के भीतर अभ्यर्थियों के अंक यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
विभिन्न सेवाओं में होगा चयन
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार कुल 979 पदों पर चयन किया गया है। इनमें से 180 अभ्यर्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त होंगे, जबकि 150 अभ्यर्थी भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और 55 अभ्यर्थी भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में जाएंगे।
आईएएस के 180 पदों में से 74 अनारक्षित, 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 अन्य पिछड़ा वर्ग और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं। यह सफलता केवल चयनित अभ्यर्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ सिविल सेवा में जाने का सपना देखते हैं।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025-26 का परिणाम जारी, अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप, 180 अभ्यर्थी बनेंगे आईएएस


