दिल्ली: अब टोल प्लाजा पार करते ही आपकी गाड़ी के इंश्योरेंस की जांच हो सकती है। दरअसल, सरकार एक नया सिस्टम तैयार कर रही है, जिसके तहत टोल प्लाजा पर लगे कैमरे आपकी गाड़ी का नंबर स्कैन करेंगे और डेटाबेस के जरिए इंश्योरेंस की वैधता चेक की जाएगी।
अगर आपकी गाड़ी का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस खत्म हो चुका है, तो आपके मोबाइल पर बीमा रिन्यू कराने के लिए अलर्ट SMS भेजा जाएगा। फिलहाल इस सिस्टम की टेस्टिंग दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा यानी UER-II पर की जा रही है।अगर ट्रायल सफल रहता है, तो इस व्यवस्था को देश के दूसरे टोल प्लाजा पर भी लागू किया जा सकता है। इसलिए अगर आप भी कार या बाइक चलाते हैं, तो अपने वाहन का इंश्योरेंस समय पर रिन्यू कराना न भूलें।
कागजी झंझट से राहत मिलेगी
अभी सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस गाड़ियों को रोककर उनके कागजात और इंश्योरेंस पेपर चेक करती है, जिससे कई बार वाहन चालकों और पुलिस के बीच बहस की स्थिति बन जाती है। अगर टोल प्लाजा पर टेस्ट किया जा रहा यह सिस्टम सफल होकर देशभर में लागू हो जाता है, तो सड़क पर रोककर पेपर चेक करने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।
इसके अलावा, टोल पार करते ही मेसेज मिलने से उन लोगों को भी याद आ जाएगा जो अनजाने में पॉलिसी रीन्यू करना भूल जाते हैं।
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस क्यों जरूरी है?
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस सड़क पर चलने वाली सभी गाड़ियों के लिए अनिवार्य है। यह हादसे में किसी दूसरे व्यक्ति को चोट लगने, उसकी मौत होने या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर मुआवजे से जुड़ी सुरक्षा देता है।
अगर गाड़ी का बीमा नहीं है और दुर्घटना हो जाती है, तो वाहन मालिक को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, दुर्घटना से होने वाले नुकसान की आर्थिक जिम्मेदारी भी उस पर आ सकती है।

