बैतूल: बैतूल में भालू के शिकार के 18 साल पुराने मामले में अदालत ने चार आरोपियों को दोषी ठहराया है। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुरेश यादव की अदालत ने सभी दोषियों को तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास और 40-40 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। मामला 2008 में सारणी सामान्य वन परिक्षेत्र में भालू के शिकार से जुड़ा है।
सजा पाने वालों में झोली नंबर-2 निवासी प्रीतिश मंडल, बटकीडोह निवासी रमेन उर्फ चंकी बाईन और राहुल बंगाली तथा निश्चिंतपुर निवासी वासु गोलदार शामिल हैं।
नाले में करंट फैलाकर किया था शिकार
वन विभाग की टीम ने 14 दिसंबर 2008 को सारणी सामान्य वन परिक्षेत्र की हीरापुर बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-289 में गश्त के दौरान नाले में भालू का शव बरामद किया था। भालू का एक पंजा कटा हुआ था, जबकि दूसरे पंजे के नाखून गायब थे। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने चारों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने जादू-टोने के उद्देश्य से भालू का शिकार किया था। इसके लिए नाले में लकड़ी की खूंटी और जीआई तार के जरिए बिजली का करंट फैलाया गया था। करंट की चपेट में आने से भालू की मौत हो गई।
भालू के बाल और नाखून भी बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग ने जीआई तार, विद्युत तार, लकड़ी की खूंटी के साथ भालू के नाखून और बाल बरामद किए थे। वैज्ञानिक जांच में जब्त किए गए अंगों के भालू के होने की पुष्टि हुई।
मामले में शासन की ओर से अभियोजन अधिकारी अजीत सिंह और अभयदीप सिंह ठाकुर ने पैरवी की। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच तथा अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों को अदालत ने महत्वपूर्ण माना।
एक आरोपी अब भी फरार
मामले में शामिल एक अन्य आरोपी नूतनडंगा, घोड़ाडोंगरी निवासी कालू उर्फ सुभाष अभी फरार है। उसके लगातार फरार रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ फिलहाल कोई फैसला नहीं सुनाया है।
अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर चार आरोपियों को दोषी मानते हुए तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास और 40-40 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।

