वृंदावन: क्रिकेट स्टार विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। बुधवार तड़के करीब 4 बजे दोनों वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम यमुना विहार कुंज पहुंचे। बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ था, लेकिन दोनों ने बिना किसी परवाह के नंगे पैर आश्रम तक पैदल पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान विराट पूरे रास्ते अनुष्का का हाथ थामे नजर आए। सादगी से भरा यह पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी इस श्रद्धा की जमकर सराहना कर रहे हैं।
आश्रम में प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने दोनों का स्वागत किया। करीब एक घंटे तक दोनों ने आश्रम में समय बिताया, आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक चर्चा में शामिल हुए। बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन का तिलक और हाथ में प्रसाद दिखाई दिया। इसके बाद दोनों वहां से करीब 15 किलोमीटर दूर प्रेमानंद महाराज के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे और उनका भी आशीर्वाद लिया। इससे पहले IPL 2026 का खिताब जीतने के बाद 2 जून को भी विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब दो घंटे बिताए थे।
इंग्लैंड सीरीज के बाद लिया आध्यात्मिक सुकून
बता दें विराट कोहली का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि विराट ने सीरीज में 144 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन टीम को सीरीज नहीं जिता सके।
क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा पाने के लिए वृंदावन का रुख किया। उधर, प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम में 23 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। इस दौरान देशभर से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचेंगे और 28 जुलाई तक प्रेमानंद महाराज भक्तों को दर्शन देंगे।

