Friday, November 27, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsखबर का असर: तक्षत समाचार पढ़ने के बाद रेतघाटों के निरीक्षण पर...

खबर का असर: तक्षत समाचार पढ़ने के बाद रेतघाटों के निरीक्षण पर निकले विधायक विवेक पटेल, ट्रैक्टर छोड़कर भागे चालक

रामपायली और सिंगोड़ी रेतघाट में नदी से निकाली जा रही थी रेत, मौके पर न बोर्ड, न सीमांकन पिलर

बालाघाट: जिले में रेत के अवैध उत्खनन का कारोबार बहुचर्चित है। माफियाओं द्वारा नदियों का सीना छलनी किया जा रहा है और खनिज विभाग व प्रशासन मौन बैठा है। इस कारोबार से परेशान स्थानीय लोग अब मौके पर जाकर विरोध भी कर रहे हैं, बावजूद इसके इस पर नकेल नहीं कसी जा रही है। इसी बीच वारासिवनी के रामपायली और सिंगोड़ी रेतघाटों पर अवैध रेत उत्खनन का बड़ा मामला सामने आया है, जहां विधायक विवेक पटेल के पहुंचते ही हड़कंप मच गया और चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग खड़े हुए।

दरअसल, ग्रामीणों की शिकायत पर वारासिवनी विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ग्राम सिंगोड़ी और रामपायली रेतघाट पहुंचे, जहां नदी से अवैध रूप से रेत निकालने का खेल चल रहा था। विधायक और ग्रामीणों को देखते ही घाट पर मौजूद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, घाटों पर लंबे समय से जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए अवैध उत्खनन व परिवहन जारी था। मौके पर न तो स्वीकृति का बोर्ड लगा था और न ही सीमांकन के लिए पिलर मौजूद थे।

विधायक पटेल ने बताया कि सिंगोड़ी और रामपायली घाटों से पहले ही रेत निकाली जा चुकी है और अब दूसरे स्थानों से चोरी की रेत लाकर यहां डंप की जा रही है। नियमों के मुताबिक हर साल पौधारोपण भी नहीं किया जा रहा, जिससे जलस्तर गिर रहा है और नदियों का स्वरूप बिगड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुमति किसी और स्थान की होती है और उत्खनन कहीं और किया जाता है। प्रशासन और खनिज विभाग की निष्क्रियता के चलते रेत ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार को चेतावनी दी कि वे केवल स्वीकृत सीमा के भीतर ही कार्य करें।

विधायक विवेक ‘विक्की’ पटेल ने कहा कि जिस घाट की स्वीकृति होती है, वहां बोर्ड होना आवश्यक है। साथ ही जहां खुदाई की जाती है, वहां पिलर लगे होते हैं। सिंगोड़ी रेतघाट की रेत पहले ही निकाल ली गई है और अब अवैध रूप से दूसरे स्थान से रेत का उत्खनन कर यहां लाकर डंप किया जा रहा है, जो पूरी तरह अवैधानिक है। रामपायली में भी यही स्थिति है। यहां भी पहले से रेत का उत्खनन कर लिया गया है और दूसरे स्थान से चोरी से रेत निकालकर यहां डंप किया जा रहा है। स्वीकृति के दौरान जिस घाट से रेत निकाली जाती है, वहां से न निकालकर अन्य स्थानों से निकाला जा रहा है। नदी में पानी से रेत निकाली जा रही थी। अवैध रेत चोरी रोकना शासन-प्रशासन का काम है, मगर खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे रेत ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं।

गौरतलब है कि पिछले अंक में ही तक्षत समाचार ने विधायक विवेक पटेल की भूमिका पर सवाल उठाए थे और रेत माफियाओं को दिए जा रहे संरक्षण पर खबर प्रकाशित की थी। जिसका असर यह रहा कि अपनी छवि बचाने के लिए अब विधायक विवेक पटेल रेतघाटों के निरीक्षण पर निकल पड़े हैं और रेतघाटों की स्थिति का जायजा भी ले रहे हैं। इसका असर यह रहा कि विधायक के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया और चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले।

लेकिन अब भी सवाल यही है कि क्या वास्तव में विधायक नदियों का अस्तित्व बचाने की ओर काम करेंगे या फिर अपना रेट सेट करने की ओर भूमिका निभा रहे हैं। क्योंकि बीते वर्ष भी इसी बात को लेकर चर्चाएं थीं कि विधायक विवेक पटेल अपने रेट तय करने के लिए रेतघाटों का दौरा कर रहे हैं, जबकि बीते साल नदियों से रेत का जमकर दोहन हुआ था। फिलहाल यही सवाल उठ रहा है कि यह दौरा नदी बचाने का है या अपना रेट तय करने का?

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन