इंडोनेशिया: माउंट अनाक क्राकाटोआ में रविवार को जोरदार विस्फोट हुआ। ज्वालामुखी से निकली राख करीब 50 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई।एयरपोर्ट ऑपरेटर के मुताबिक, विस्फोट के चलते 301 उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 58 इंटरनेशनल फ्लाइट भी शामिल हैं। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
राख के कारण रनवे पर उड़ानें रोकनी पड़ीं
ज्वालामुखी की राख हवा के साथ उड़कर एयरपोर्ट तक पहुंच गई थी। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट पर उड़ानें रोकनी पड़ीं।सिंगापुर एयरलाइंस ने रविवार की जकार्ता आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दीं। एयरएशिया ने भी कई उड़ानें रद्द या री-शेड्यूल कीं।गरुड़ इंडोनेशिया ने यात्रियों से एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति और आधिकारिक डिजिटल चैनल चेक करने को कहा।
लोगों को सावधान रहने की सलाह
ज्वालामुखी की राख आसपास के इलाकों में भी फैल गई है। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी BNPB ने लोगों से सावधान रहने को कहा है। लोगों को मास्क और आंखों पर चश्मा लगाने की सलाह दी गई है।

