लखनऊ। प्रचड़ गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने तबाही मचा दी है। तेज आंधी, अति वर्षा और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 24 पशुओं की भी मौत की खबर है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान हुआ है।
CM योगी का तत्काल एक्शन
बता दें इस पूरे घटनाक्रम पर योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का तत्काल और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।
सीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि जनहानि और पशुहानि से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी जिलाधिकारियों (DM) को फील्ड में रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 से 48 घंटों में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
सीएम ने साफ शब्दों में कहा है कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने राहत शिविरों की व्यवस्था शुरू कर दी है और प्रभावित क्षेत्रों में मदद पहुंचाई जा रही है।

