West Bengal Election 2026: फेज-1 में हाई वोल्टेज वोटिंग, 11 बजे तक 41% मतदान

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की वोटिंग आज यानी 23 अप्रैल को शुरू हो गई है। सुबह से ही मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक करीब 41.11% मतदान दर्ज किया गया है, जो तेज रफ्तार वोटिंग की ओर इशारा करता है।

152 सीटें, 3.6 करोड़ वोटर, 44 हजार बूथ

जानकारी अनुसार, पहले चरण में राज्य की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसके लिए करीब 44,000 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 3.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 1.75 करोड़ से ज्यादा महिला वोटर्स शामिल हैं। चुनाव आयोग ने सभी बूथों को संवेदनशील घोषित किया है, जिनमें 8,500 अति संवेदनशील और 1,500 बूथ हाई सर्विलांस पर रखे गए हैं।

TMC vs BJP: सीधा मुकाबला

बता दें इस बार का चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले की तरह दिख रहा है, लेकिन मुख्य टक्कर ममता बनर्जी की टीएमसी और बीजेपी के बीच मानी जा रही है। वहीं अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।

हाई प्रोफाइल सीटें बनीं चर्चा का केंद्र

इस चरण में कई बड़ी सीटों पर सबकी नजरें टिकी हैं—

  • खड़गपुर सदर से दिलीप घोष
  • आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल
  • बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी
  • नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी
  • भवानीपुर से ममता बनर्जी

इन सीटों पर जीत-हार सीधे तौर पर बड़े नेताओं की साख से जुड़ी हुई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

वहीं चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती है। केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की भारी तैनाती की गई है। हर संवेदनशील बूथ पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

युवा से बुजुर्ग तक लाइन में

मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पहली बार वोट डालने वाले युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कई जगहों पर लोग पारंपरिक परिधानों में वोट देने पहुंचे, जिससे चुनाव का माहौल और रंगीन हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *