मुंबई। रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनकी सुपरहिट फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन- शिवा’ के सीक्वल को लेकर भी अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर कपूर एक बार फिर निर्देशक अयान मुखर्जी के साथ काम कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि ‘ब्रह्मास्त्र 2’ के लिए मेकर्स स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और फिल्म का प्री-प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है। रणबीर के ‘रामायण: पार्ट 2’ की शूटिंग पूरी करने के बाद इस फिल्म पर काम शुरू करने की उम्मीद है।
रणबीर और आलिया फिर निभाएंगे शिव-ईशा का किरदार
‘ब्रह्मास्त्र 2’ में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अपने पहले फिल्म वाले किरदार शिव और ईशा के रूप में वापसी कर सकते हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को पहली फिल्म में दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
दीपिका पादुकोण की हो सकती है एंट्री
सीक्वल में दीपिका पादुकोण की एंट्री को लेकर भी चर्चा है। वह फिल्म में अमृता का किरदार निभा सकती हैं। पहली फिल्म में दीपिका की शिव की मां के रूप में एक झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद उनके किरदार को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई थी।
बताया जा रहा है कि अयान मुखर्जी और उनकी क्रिएटिव टीम अमृता के किरदार के लिए दीपिका को पसंद कर रही है। हालांकि, उनकी कास्टिंग को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और बातचीत जारी बताई जा रही है।
रणबीर निभा सकते हैं डबल रोल
‘ब्रह्मास्त्र 2’ की सबसे बड़ी चर्चाओं में रणबीर कपूर का संभावित डबल रोल भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता फिल्म में शिव और देव दोनों किरदार निभा सकते हैं।
पहली फिल्म में शिव और देव के बीच के संघर्ष और पौराणिक कथा की नींव रखी गई थी। ऐसे में सीक्वल में दोनों किरदारों के रिश्ते और टकराव को कहानी का अहम हिस्सा बनाया जा सकता है।
पौराणिक दुनिया को और बड़ा करने की तैयारी
‘ब्रह्मास्त्र 2’ से उम्मीद की जा रही है कि फिल्म पहली कड़ी में दिखाई गई अलौकिक दुनिया को और विस्तार देगी। साथ ही कहानी में भारतीय पौराणिक कथाओं और किरदारों को ज्यादा गहराई से दिखाया जा सकता है।
‘लव एंड वॉर’ में भी साथ नजर आएंगे रणबीर-आलिया
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएगी। फिल्म में दोनों के साथ विक्की कौशल भी अहम भूमिका में हैं और इसे 2027 में रिलीज किए जाने की योजना है।

