बालाघाट: शहर के बूढ़ी क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। मंगलवार को बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे स्थानीय महिलाओं के साथ रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ जनसुनवाई में आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े होकर कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा और बूढ़ी क्षेत्र से शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने भी शराब दुकान के विरोध में नारेबाजी करते हुए कहा कि दुकान के संचालन से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण लगातार प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में दिनभर शराबियों की आवाजाही बनी रहती है। इससे आए दिन विवाद, गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियों की स्थिति निर्मित होती है, जिसका सीधा असर महिलाओं, बच्चों और परिवारों की सुरक्षा व दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में निराशा बढ़ रही है।
विधायक अनुभा मुंजारे ने कलेक्टर से चर्चा के दौरान कहा कि बूढ़ी नगर की महिलाएं पिछले 144 दिनों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रही हैं। इसके बावजूद उनकी मांग पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं को जिला प्रशासन से बड़ी उम्मीदें हैं और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
यह भी देखें-
https://www.instagram.com/reel/Dbnqcy6OPey/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
विधायक ने यह भी कहा कि जिले में पूर्व में जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दो अन्य शराब दुकानों को हटाया जा चुका है। ऐसे में बूढ़ी नगर की शराब दुकान को भी या तो अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए अथवा उसे बंद किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहे।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने विधायक एवं महिलाओं से ज्ञापन प्राप्त कर मामले का परीक्षण कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगी। महिलाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र को सुरक्षित, शांत और नशामुक्त बनाना है।

