जालंधर: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से बुरी खबर सामने आई है। मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक की रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार की भी जान चली गई। हादसे के बाद से हनी सिंह के परिवार में मातम पसरा है।
बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक विदित अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। रविवार तड़के जालंधर के पुलिस लाइंस इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी फॉक्सवैगन कार सड़क किनारे खड़े नगर निगम के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
दोस्त की भी गई जान
टक्कर इतनी भीषण थी कि विदित और उनके दोस्त आरव तलवार की मौके पर ही मौत हो गई। विदित, स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश के बेटे थे, जबकि आरव पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे बताए जा रहे हैं। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें से 3 पहले ही घर उतर चुके थे।
सफाई के दौरान खड़ा था ट्रैक्टर
बारादरी थाना SHO साहिल चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना तड़के 3 बजे मिली। उस वक्त नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर की सफाई कर रहे थे और कचरा भरने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहीं खड़ी थी। कार BMC चौक से BSF चौक की तरफ जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
हनी सिंह ने जताया दुख
परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। हनी सिंह ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा – “ये मेरे लिए दुखों से भरा दशक है, मैंने अपने भतीजे को खो दिया। भोले नाथ मेहर करो।”

