छिंदवाड़ा। जिले में नागपुर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने झकझोर कर रख दिया। सीएम के कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे यात्रियों की बस और पिकअप में आमने-सामने की टक्कर से 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं 20 अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्रियों को मौके पर ही दम तोड़ना पड़ा। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह देर रात छिंदवाड़ा पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही की जताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बस और पिकअप टक्कर में 11 की मौत, 10 की हालत गंभीर, सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे थे यात्री


