Friday, November 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसेवा भारती आश्रम की 14 बालिकाएं हुईं बीमार, पेड़ा खाने के बाद...

सेवा भारती आश्रम की 14 बालिकाएं हुईं बीमार, पेड़ा खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग की आशंका

बालाघाट: शहर के वार्ड क्रमांक-32 स्थित निर्मल नगर के सेवा भारती आश्रम में रहने वाली 14 बालिकाओं के एक साथ बीमार होने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पेड़ा खाने के बाद बालिकाओं में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी शिकायतें सामने आईं, जिसके चलते उन्हें तत्काल बालाघाट के विचक्षण जैन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चियों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक, सेवा भारती आश्रम में विशेष जनजातीय समुदाय की लगभग 70 बालिकाएं निवास करती हैं, जो सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में अध्ययनरत हैं। बताया जा रहा है कि 2 अगस्त की शाम पवार मंगल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम से प्रसाद स्वरूप पेड़े आश्रम भेजे गए थे। आश्रम प्रशासन ने रात में बालिकाओं को पेड़ा वितरित किया। इसके अलावा रात्रि भोजन में दाल, चावल और कद्दू की सब्जी परोसी गई थी।

रात में सबसे पहले तीन बालिकाओं को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। सोमवार सुबह तक बीमार बच्चियों की संख्या लगातार बढ़ती गई और दोपहर करीब 2 बजे तक कुल 14 बालिकाएं अस्पताल पहुंच चुकी थीं। इनमें से कुछ बालिकाएं सुबह स्कूल चली गई थीं, लेकिन वहां भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में भर्ती बालिकाओं ने बताया कि रविवार शाम उन्हें घूमने के लिए मोती गार्डन ले जाया गया था, जहां उन्होंने न तो कुछ खाया और न ही पानी पिया। रात में आश्रम लौटने पर उन्हें पेड़ा दिया गया और भोजन कराया गया। इसके बाद देर रात से ही पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें-

दतिया उपचुनाव: भाजपा को हराकर जीते घनश्याम सिंह

विचक्षण जैन हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने बताया कि बच्चियों में फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है और वर्तमान में किसी भी बच्ची की हालत गंभीर नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।

इधर, सेवा भारती आश्रम की अधीक्षिका भारती गौतम ने बताया कि पवार मंगल भवन से पेड़े आश्रम में आए थे, जिन्हें बच्चों में वितरित किया गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि बच्चियों को बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उन्होंने इसे फूड प्वाइजनिंग मानने से इनकार करते हुए कहा कि बच्चियां सामान्य रूप से बीमार हुई हैं।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और संबंधित प्रशासनिक अमला पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगा है। पेड़ों और भोजन के नमूनों की जांच कराई जा सकती है ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। यदि जांच में खाद्य पदार्थ दूषित पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी संभव है।

अस्पताल में भर्ती बालिकाएं में अर्चना मेरवी, रेणुका टेकाम, प्राची मसराम, नव्या उइके, दामिनी धुर्वे, कौशिकी माड़वी, आरुषि उइके, दुर्गेश्वरी यादव, मयूरी माड़वी, माधुरी धुर्वे, प्रज्ञा टेकाम, अवनी कुलस्ते, अगीता वल्के तथा खुशबू खुसरे का विचक्षण जैन हॉस्पिटल, बालाघाट में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बालिकाओं की स्थिति सामान्य है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन